भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप में लगातार तीसरी बार खिताब जीत लिया है। चीन में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को 1-0 से हराकर डिफेंडिंग चैंपियन का ताज बरकरार रखा। इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने जूनियर महिला हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है, जो देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। फाइनल मुकाबले की बात करें तो शुरुआत दोनों टीमों के लिए कठिन रही। मेजबान चीन ने शुरू में ज्यादा गेंद अपने पास रखी और भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने शानदार खेल दिखाते हुए चीन को कोई बड़ा मौका नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को मौका मिला और 17वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने चीनी डिफेंडर के पीछे से निकलकर लंबे पास पर शानदार डिफ्लेक्शन किया, जिससे गेंद सीधे गोल में गई और भारत 1-0 से आगे हो गया। सानिका इस मुकाबले की हीरो रहीं। गोल खाने के बाद चीन ने बराबरी की कोशिशें तेज कर दीं और उसे मैच का एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर भी मिला। चीन ने इस मौके पर गोल कर दिया था, लेकिन गेंद बैकबोर्ड की तय ऊंचाई से ऊपर जाने के कारण गोल को मान्य नहीं माना गया। हाफ टाइम से दो मिनट पहले भारतीय कप्तान खैदेम शिलेम चानू को गोल का मौका मिला, लेकिन चीन की गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे रहा। दूसरे हाफ में चीन ने आक्रामक खेल दिखाया और तीसरे क्वार्टर में उसे एक और अच्छा मौका मिला, लेकिन भारतीय डिफेंस ने खतरे को समय रहते भांपकर पास रोक लिया। आखिरी क्वार्टर में चीन लगातार भारतीय सर्कल में पहुंचने की कोशिश करता रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपना डिफेंस मजबूत रखा और चीन को गोल करने का मौका नहीं दिया। आखिरकार भारत ने 1-0 की बढ़त बरकरार रखी और लगातार तीसरी बार एशिया कप अपने नाम किया। गौरतलब है कि भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। उसने एलीट पूल में तीन मैच जीते और एक मुकाबला ड्रॉ खेला। सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से करारी शिकस्त दी, जिसके बाद फाइनल में चीन को हराकर टीम ने जूनियर महिला हॉकी में अपनी मजबूत स्थिति कायम की। हॉकी इंडिया ने इस कामयाबी पर खिलाड़ियों के लिए इनाम का ऐलान किया है, जिसमें हर खिलाड़ी को तीन लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के हर सदस्य को डेढ़ लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि भारतीय हॉकी के लिए यह गर्व का पल है। उन्होंने टीम के एशिया कप बरकरार रखने और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम की सफलता खिलाड़ियों की प्रतिभा और उनके दृढ़ संकल्प को दिखाती है और उन्होंने पूरी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने तीसरी बार जीता एशिया कप, चीन को 1-0 से हराया
भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए एशिया कप में लगातार तीसरी बार खिताब जीत लिया है। चीन में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को 1-0 से हराकर डिफेंडिंग चैंपियन का ताज
NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



