|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज, बताया टालमटोल वाला, INS कोलकाता को नहीं हुआ कोई नुकसान

उत्तरी अरब सागर में भारतीय नौसेना के अग्रिम मोर्चे के पोत आईएनएस कोलकाता और पाकिस्तानी नौसेना के युद्धपोत पीएनएस हुनैन के बीच हुई टक्कर के मामले में भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिय

NRI Post Hindi Desk · 67 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को किया खारिज, बताया टालमटोल वाला, INS कोलकाता को नहीं हुआ कोई नुकसान
📷 NRI Post Hindi Desk

उत्तरी अरब सागर में भारतीय नौसेना के अग्रिम मोर्चे के पोत आईएनएस कोलकाता और पाकिस्तानी नौसेना के युद्धपोत पीएनएस हुनैन के बीच हुई टक्कर के मामले में भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले में स्पष्ट कहा कि भारत द्वारा दर्ज कराए गए विरोध पर पाकिस्तान की ओर से दिया गया जवाब अपेक्षित रूप से टालमटोल वाला था और भारत पाकिस्तान की ओर से लगाए गए सभी आरोपों तथा संकेतों को खारिज करता है। यह हादसा 15 सितंबर की शाम उस समय हुआ जब पाकिस्तानी जहाज तेज रफ्तार से भारतीय पोत के करीब आया। घटना ओमान से करीब 220 किलोमीटर पूर्व अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई, जहां आईएनएस कोलकाता नियमित निगरानी अभियान पर तैनात था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि आईएनएस कोलकाता पश्चिमी अरब सागर में नियमित तैनाती पर था, तभी पाकिस्तानी नौसैनिक पोत हुनैन ने समुद्र में गैर-पेशेवर तरीके से कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पोतों के बीच टक्कर हो गई। प्रवक्ता ने कहा कि पीएनएस हुनैन की खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश अप्रैल 1991 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही के लिए अग्रिम सूचना से संबंधित समझौते के अनुच्छेद 10 का गंभीर उल्लंघन थी। इस प्रावधान के तहत समुद्र में नौसैनिक इकाइयों को एक-दूसरे से तीन नॉटिकल मील के भीतर नहीं होना चाहिए। इसके अलावा, पाकिस्तानी पोत ने समुद्र में टक्कर रोकने से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नियमों का भी उल्लंघन किया। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस घटना से आईएनएस कोलकाता को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और भारतीय नौसेना का यह पोत समुद्र में अपनी तैनाती पर बना हुआ है। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान को एक बार फिर सलाह दी गई है कि उसके सभी सैन्य पोत समुद्र में उचित सावधानी बरतें और दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके। गौरतलब है कि इस टक्कर में पाकिस्तानी पोत पीएनएस हुनैन को बुरी तरह नुकसान पहुंचा था, जबकि भारतीय पोत पूरी तरह सुरक्षित रहा और अपने अभियान पर डटा रहा। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह किसी भी गैर-पेशेवर कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगा।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!