केंद्र सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के तहत अनिवार्य कवरेज के लिए वेतन सीमा को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है। यह निर्णय कामगारों की सामाजिक सुरक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार के अनुसार इस बदलाव से करीब 51 लाख अतिरिक्त कर्मचारी अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा यानी भविष्य निधि के दायरे में आ सकेंगे। अनिवार्य कवरेज की पुरानी सीमा वर्ष 2014 में 15,000 रुपये निर्धारित की गई थी। तब से भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार और जीवन-यापन की लागत दोनों बढ़े हैं। विनिर्माण, लाजिस्टिक्स और सेवा क्षेत्र में ऐसे कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है जिनकी मासिक आय 15,000 रुपये से अधिक है। पुरानी सीमा के कारण इनमें से एक वर्ग अनिवार्य सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर रह जाता था। एक ही कार्यस्थल पर काम करने वाले दो कर्मचारियों की आय में मामूली अंतर होने पर भी उनके सामाजिक सुरक्षा कवरेज में अंतर पैदा हो रहा था। नई सीमा अधिक संख्या में युवा और मध्य आय वर्ग के कामगारों को औपचारिक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने का अवसर देती है। इस बदलाव का व्यावहारिक पक्ष भी है। भविष्य निधि में कर्मचारी का अंशदान होने से उसके हाथ में आने वाले मासिक वेतन में कुछ कमी हो सकती है, लेकिन भविष्य निधि की मूल अवधारणा ही वर्तमान आय के एक हिस्से को भविष्य की वित्तीय सुरक्षा में बदलने की है। कर्मचारी के अंशदान के साथ नियोक्ता का योगदान भी जुड़ता है और समय के साथ यही राशि सेवानिवृत्ति के बाद उसका आर्थिक संबल बनती है। इसके साथ पेंशन और कर्मचारी बीमा से जुड़े प्रावधान सामाजिक सुरक्षा को व्यापक आधार देते हैं। महीने की पहली तारीख को वेतन मिलते ही एक आम कामगार के सामने कई जरूरतें कतार में खड़ी होती हैं, जैसे घर का किराया, राशन, बच्चों की स्कूल फीस, बिजली-पानी के बिल और घर के दूसरे खर्च। आज की कमाई से आज का घर चलाना उसकी पहली चिंता होती है, लेकिन एक सवाल हर महीने उसके साथ घर लौटता है कि कल का क्या होगा। बीमारी आ गई, काम प्रभावित हुआ या उम्र ढलने लगी तो परिवार का सहारा कौन बनेगा। सामाजिक सुरक्षा का असली अर्थ इसी अनिश्चितता को कम करना और मेहनतकश व्यक्ति को भविष्य के प्रति भरोसा देना है। सामाजिक सुरक्षा का विस्तार केवल कवरेज बढ़ाने से पूरा नहीं होगा। कामगारों को इसका लाभ आसानी और सम्मान के साथ मिले, यह भी उतना ही जरूरी है। पिछले वर्षों में ईपीएफओ की सेवाओं में डिजिटल माध्यमों, यूनिवर्सल अकाउंट नंबर और आनलाइन सेवाओं का विस्तार हुआ है, जिससे भविष्य निधि और पेंशन से जुड़ी अनेक प्रक्रियाएं सहज हुई हैं। जैसे-जैसे अधिक कामगार औपचारिक अर्थव्यवस्था का हिस्सा बनेंगे, वैसे-वैसे ऐसी संस्थागत व्यवस्थाओं की जरूरत बढ़ेगी जो वर्तमान रोजगार से आगे उनके भविष्य को भी सुरक्षा दें। किसी देश की आर्थिक प्रगति को केवल जीडीपी, नए कारखानों या निवेश से नहीं मापा जा सकता। यह भी देखना होगा कि उस प्रगति में योगदान देने वाले लोगों के जीवन में कितनी सुरक्षा और स्थिरता आई है। आर्थिक विकास और सामाजिक सुरक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं। जब कामगारों के भविष्य को संस्थागत सुरक्षा मिलती है, तब श्रम की गरिमा और आर्थिक विकास का संबंध भी मजबूत होता है। वेतन सीमा को 25,000 रुपये तक बढ़ाने का महत्व इसी व्यापक संदर्भ में है। सामाजिक सुरक्षा राज्य, नियोक्ता और श्रमिक की साझा जिम्मेदारी है, जिसमें आज का श्रम भविष्य की सुरक्षा का आधार बनता है।
भविष्य निधि का बड़ा विस्तार: अब 25,000 रुपये तक वेतन पाने वाले कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में
केंद्र सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के तहत अनिवार्य कवरेज के लिए वेतन सीमा को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है। यह निर्णय कामगारों की सामाजिक सुरक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत
NRI Post Hindi Desk · 68 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





