|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

भूटान में ग्लेशियल झील फटने से बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट, सायरन बजाकर लोगों को किया जा रहा सतर्क

पड़ोसी देश भूटान में ग्लेशियल झील फटने की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि भूटान की अति-संवेदनशील शिंताफू झील से गुरुवार शाम से तेज बहाव के स

NRI Post Hindi Desk · 26 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
भूटान में ग्लेशियल झील फटने से बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट, सायरन बजाकर लोगों को किया जा रहा सतर्क
📷 NRI Post Hindi Desk

पड़ोसी देश भूटान में ग्लेशियल झील फटने की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बताया जा रहा है कि भूटान की अति-संवेदनशील शिंताफू झील से गुरुवार शाम से तेज बहाव के साथ पानी निकल रहा है, जिसके चलते आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है और इलाकों में लगातार सायरन बज रहे हैं। इसी के मद्देनजर बंगाल का अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन लोगों को सतर्क कर रहा है। अलीपुरद्वार जिले के कुमारग्राम में संकोश नदी के किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है, वहीं जलपाईगुड़ी जिले के बनारहाट में भी प्रशासन स्थानीय लोगों को अलर्ट कर रहा है। पश्चिम बंगाल के वन मंत्री और कुमारग्राम के विधायक मनोज कुमार ओरांव ने फेसबुक पर वीडियो मैसेज जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भूटान से होकर आने वाले पानी का तेज बहाव अगले कुछ ही घंटों में संकोश नदी तक पहुंच सकता है, जो अलीपुरद्वार जिले के कुमारग्राम क्षेत्र से होकर बहती है। मंत्री ने नदी के आसपास रहने वाले लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी और कहा कि किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की। जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन ने भी बनारहाट क्षेत्र में स्थानीय लोगों को सतर्क करना शुरू कर दिया है। भूटान में पानी के तेज बहाव की खबरों के बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। भूटान से सामने आए दृश्यों में नदी के किनारे रहने वाले लोगों को चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया जा रहा है। इस तरह की चेतावनी का उद्देश्य लोगों को संभावित खतरे के प्रति आगाह करना और उन्हें समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने का मौका देना है। भूटान से मिली जानकारी के मुताबिक, गासा जिले के लाया गेओग के लुंगो इलाके में वाकिला पर्वत के नीचे स्थित शिंताफू झील से शाम को पानी बाहर निकलने की खबर सामने आई। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हालांकि, भूटान के राष्ट्रीय जल विज्ञान और मौसम विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि तकत्सिमाखांग में जलस्तर पर नजर रखने के लिए निगरानी स्टेशन मौजूद है, लेकिन वहां अब तक कोई अलर्ट जारी नहीं हुआ था, जिसका मतलब यह हो सकता है कि पानी अभी निगरानी स्टेशन तक नहीं पहुंचा हो। बता दें कि शिंताफू झील को भूटान की 17 संभावित खतरनाक ग्लेशियल झीलों में शामिल माना जाता है। यह मो छू नदी के उद्गम क्षेत्र में स्थित है। ग्लेशियल झीलों से अचानक बड़ी मात्रा में पानी निकलने पर निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों में प्रशासन सतर्कता बरत रहा है और लगातार सायरन बजाकर तथा वीडियो संदेश जारी करके लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!