उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में सहभागिता करेंगे। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करने के साथ-साथ उन्हें सम्मानित भी करेंगे। कार्यक्रम की समय-सारिणी के अनुसार दोपहर करीब 2 बजकर 50 मिनट पर राजकीय इंटर कॉलेज के हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का आगमन होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक राजकीय इंटर कॉलेज में सम्मेलन का आयोजन चलेगा। सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 4 बजकर 10 मिनट पर कार्यक्रम स्थल से हेलीकॉप्टर के जरिए अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शाम 4 बजकर 15 मिनट पर राम कथा पार्क हेलीपैड पर पहुंचेगा। वहां से वह शाम 4 बजकर 25 मिनट पर हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे, जहां वह विधिवत दर्शन और पूजन करेंगे। हनुमानगढ़ी के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजकर 45 मिनट पर राम जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे और रामलला का दर्शन एवं पूजन करेंगे। रामलला के दर्शन के पश्चात वह शाम 5 बजकर 5 मिनट पर हेलीकॉप्टर के जरिए अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इस प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने इस दौरे पर अयोध्या में करीब दो घंटे 15 मिनट तक रहेंगे। इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त कर लिया है। सीएम के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर तैनाती बढ़ा दी गई है। वहीं, दूसरी ओर योगी सरकार ने प्रदेश में जारी बाढ़ की चुनौती के बीच राहत और बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ और तेज कर दिया है। प्रशासनिक अमला बाढ़ प्रबंधन की मजबूत व्यवस्था के साथ लगातार सक्रिय है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार अब तक 6.83 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.11 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं। इसके अलावा 19,496 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव अभियान के तहत अब तक 1,634 बाढ़ चौकियां स्थापित की जा चुकी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में 1,072 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं, जबकि राहत कार्यों में 2,161 नाव और मोटरबोट जुटी हुई हैं। साथ ही बाढ़ की स्थिति में अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रभावित लोगों के लिए 1,315 शरणालय स्थापित किए गए हैं और स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु 6.68 लाख क्लोरीन टैबलेट व 2.60 लाख से अधिक ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं। बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के 1,490 मामलों में से 1,272 मामलों में प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान की जा चुकी है। प्रदेश के 26 जिले बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी का आज अयोध्या दौरा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मेलन में होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में सहभागिता कर
NRI Post Hindi Desk · 78 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





