देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुंबई के मलाड पूर्व के कुरार इलाके में पुलिस ने एक ऐसे 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद किया है, जिसकी मौत साल 2022 में ही हो चुकी थी। बुजुर्ग के दोबारा जिंदा होने के इंतजार में परिवार ने उनके शव को पिछले चार साल से एक क्लिनिक के फ्रीजर में सुरक्षित छुपाकर रखा हुआ था। परिवार वालों ने बुजुर्ग की मौत के बाद उनका अंतिम संस्कार नहीं किया, बल्कि शव को गोपनीय तरीके से क्लिनिक में संभाल कर रखा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुरार थाने की पुलिस को एक मुखबिर के जरिए इस मामले की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने जब मलाड के एक स्थानीय क्लिनिक में छापा मारा, तो वहां 80 साल के बुजुर्ग का शव एक फ्रीजर में रखा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि परिवार के लोगों के कहने पर ही इस शव को पिछले चार साल से इस तरह संभाल कर रखा गया था। हालांकि, गोपनीयता बनाए रखने के लिए पुलिस ने फिलहाल मृतक और उसके परिवार के सदस्यों की पहचान का खुलासा नहीं किया है। पुलिस पूछताछ में बुजुर्ग की पत्नी और उनके बालिग बच्चों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि वो अपने परिवार के मुखिया की मौत से गहरे सदमे में थे और मानसिक रूप से टूट चुके थे। वो उन्हें इस हालत में खोना नहीं चाहते थे। इसलिए, वो इस शव को अमेरिका के किसी क्रायोनिक्स सेंटर में ले जाकर लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते थे, ताकि भविष्य में टेक्नोलॉजी के डेवलप होने पर उन्हें फिर से जिंदा किया जा सके। बता दें कि विज्ञान की दुनिया में सेल्स, टिशूज और भ्रूण का क्रायोप्रिजर्वेशन एक स्थापित प्रक्रिया है, लेकिन इंसानी शरीर की क्रायोनिक्स तकनीक अभी भी पूरी तरह एक्सपेरिमेंटल है। परिवार और क्लिनिक ने इस बारे में स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी। शव अभी भी उसी क्लिनिक में मौजूद है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल को वहां तैनात कर दिया गया है। परिवार अभी तक ये तय नहीं कर पाया है कि बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कब और कैसे किया जाएगा। यह मामला इस बात का भी सबूत है कि किस तरह गहरा सदमा और उम्मीद इंसान को असामान्य फैसले लेने पर मजबूर कर सकती है।
मौत के चार साल बाद भी फ्रीजर में सुरक्षित रखा शव, परिवार को थी दोबारा जिंदा होने की आस
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुंबई के मलाड पूर्व के कुरार इलाके में पुलिस ने एक ऐसे 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद किया है, जिसकी मौत साल 2022 मे
NRI Post Hindi Desk · 55 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





