|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

मॉनसून की विदाई के बीच देशभर में मौसम ने ली करवट, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आज बारिश और आंधी की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में सितंबर के जाते-जाते मौसम फिर करवट ले रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खत

NRI Post Hindi Desk · 57 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
मॉनसून की विदाई के बीच देशभर में मौसम ने ली करवट, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आज बारिश और आंधी की चेतावनी
📷 NRI Post Hindi Desk

देश के कई हिस्सों में सितंबर के जाते-जाते मौसम फिर करवट ले रहा है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने 28 सितंबर को भी कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब वापसी के दौर में है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 सितंबर को वापस लौटते मॉनसून की ट्रफ लाइन गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, दीसा और नलिया से होकर अरब सागर तक पहुंच गई। वहीं, मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से पर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 12 घंटों में उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर होगा। इसके कारण उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। इसके अलावा दक्षिणी तटीय म्यांमार के पास एक और कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो उत्तर अंडमान सागर की ओर बढ़ सकता है और इसके बाद उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे बांग्लादेश के तट की ओर जाने की संभावना है। इस वेदर सिस्टम के असर से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश का दौर बन सकता है। दिल्ली-एनसीआर में 28 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 29 सितंबर को दिल्ली में आसमान अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है और तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के बाद अब धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत हैं। राज्य में 28 सितंबर को कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है, हालांकि मध्य उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बना वेदर सिस्टम अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और इसके आगे बढ़ने के दौरान कुछ इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बेहद भारी बारिश दर्ज की गई थी और कुछ इलाकों में 30 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई और लगातार बारिश की वजह से राज्य में जनजीवन प्रभावित हुआ है तथा कई जगह जलभराव की स्थिति बनी है। 28 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है, हालांकि बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। बिहार में 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक का दौर रह सकता है और इस दौरान तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। फिलहाल राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 27 सितंबर को बिहार के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई थी और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं, लेकिन इसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है। उत्तराखंड में 28 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है और राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले 24 घंटों के दौरान उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग के कुछ इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है और किन्नौर, शिमला तथा सिरमौर जैसे इलाकों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की स्थिति में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम भारत के दूसरे हिस्सों में भी कुछ जगह बारिश और गरज-चमक हो सकती है। 27 सितंबर को उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश दर्ज की गई थी। मध्य प्रदेश में 28 सितंबर से बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!