मेरठ में दिल्ली रोड किनारे प्रस्तावित प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप का लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मेरठ विकास प्राधिकरण यानी मेडा के अनुसार कंसल्टेंट कंपनी आइक्यूटी इंडिया ने टाउनशिप के लिए स्थलीय निरीक्षण और ड्रोन सर्वे आदि शुरू कर दिया है। मेडा के नियोजन अनुभाग में संबंधित कंपनी की पांच सदस्यीय टीम में टाउन प्लानर, सर्वेयर आदि की तैनाती हो चुकी है। यह टीम टाउनशिप के प्रवेश व निकास द्वार की उपयुक्त स्थिति, जमीन की ऊंचाई व ढलान, मौजूदा रोड नेटवर्क, आसपास की सड़कों की दशा और ड्रेनेज व्यवस्था का बारीकी से जायजा ले रही है, ताकि इनके आधार पर एक व्यावहारिक लेआउट तैयार किया जा सके। मेडा के मुख्य नगर नियोजक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित कंपनी को प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई है और यहां पर नहर व पुरानी सड़क भी है, इसलिए लेआउट में उसको भी समायोजित किया जाना है। उनके अनुसार करीब एक महीने में प्रारंभिक लेआउट तैयार हो जाएगा, जबकि लेआउट के लिए दो महीने का समय दिया गया है। बता दें कि टीओडी यानी ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट नीति के तहत ऐसी टाउनशिप विकसित की जाती है, जो नमो भारत जैसी परिवहन के प्रमुख गलियारे के आसपास बसाई जाए, ताकि आवासीय, व्यावसायिक और कार्यालय संबंधित गतिविधियां मेट्रो या रैपिड जैसे तीव्र परिवहन साधनों से सीधे जुड़ी रहें। सीमित भूमि में अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध करानी होती हैं, इसलिए इसमें प्लाटेड विकास के बजाय फ्लैटेड विकास को प्रोत्साहित किया जाता है और नीचे दुकान तथा ऊपर मकान का सिद्धांत लागू होता है। इस टाउनशिप में शापिंग कांप्लेक्स के ऊपर आवासीय अपार्टमेंट रहेंगे। इस टाउनशिप को फेस-वन व फेस-टू के रूप में विकसित किया जाएगा और दोनों फेस को कुल 31 सेक्टरों में बांटा गया है। यह ऐसी टाउनशिप होगी जिसमें आवास तो होंगे ही, उसी परिसर में औद्योगिक क्षेत्र व व्यावसायिक क्षेत्र भी होंगे, और इसमें आवास के साथ ही उद्योग व व्यवसाय के लिए फ्लैट व कांप्लेक्स रहेंगे। दिल्ली रोड किनारे मोहिउद्दीनपुर, इकला, छज्जूपुर व कायस्थ गांवड़ी से कुल 294 हेक्टेयर भूमि खरीदी जानी है, जिसमें से टाउनशिप के लिए अब तक समझौते के आधार पर 160 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। अब अधिग्रहण कानून के तहत 123 हेक्टेयर भूमि खरीदी जाएगी, जिसमें 11 हेक्टेयर भूमि ग्राम सभा की है, जो जल्द ही जिला प्रशासन की ओर से मेडा के पक्ष में नामांतरित कर दी जाएगी। इस टाउनशिप को नव वर्ष तक लांच करने की तैयारी है, जिसमें प्रथम दो सेक्टरों के लिए प्लाट आवंटन शुरू हो सकता है।
मेरठ में प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप का लेआउट तेज, नए साल तक हो सकती है लॉन्चिंग
मेरठ में दिल्ली रोड किनारे प्रस्तावित प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप का लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मेरठ विकास प्राधिकरण यानी मेडा के अनुसार कंसल्टेंट कंपनी आइक्यूटी इंडिया न
NRI Post Hindi Desk · 76 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




