उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आरोप है कि एक कोचिंग या ट्यूशन सेंटर में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों से कथित तौर पर राजनीतिक रूप से संवेदनशील, स्क्रिप्टेड और आपत्तिजनक रील्स बनवाई जा रही थीं। इन रील्स में टीचर को बच्चे बताते हैं कि किसी की बोतल चोरी हो गई और किसी का कुछ सामान गायब हो गया, इस पर टीचर पूछती है कि इतनी सब चोरियां कौन कर रहा है। इसके जवाब में बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं और बाद में बच्चे खुद को छोटे कॉकरोच कहते हुए नजर आ रहे हैं। ये बच्चे मुश्किल से छह से दस साल की उम्र के दिख रहे हैं। इस रील को लोग मासूमों के दिमाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नफरत भरने और उनसे आपत्तिजनक बातें बुलवाने की साजिश करार दे रहे हैं। अब इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग यानी एनएचआरसी ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने इसे बच्चों की गरिमा, निजता, मानसिक सुरक्षा और उनके सीधे शोषण का मामला मानते हुए केंद्र सरकार से लेकर मेटा इंडिया तक को कटघरे में खड़ा कर दिया है। मामला बढ़ने पर एटा पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि प्रतिभा नाम की एक होम ट्यूटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जो इंस्टाग्राम पर प्रतिभा एडू स्क्वॉड नाम से हैंडल चलाती है। आरोप है कि यह ट्यूटर अपने यहां पढ़ने आने वाले बच्चों का ब्रेनवाश कर रही थी और उनसे प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नफरत फैलाने वाले वीडियो शूट कराकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रही थी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के नेतृत्व वाली पीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया है। आयोग ने एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी, मेटा इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं कंट्री हेड तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव को नोटिस जारी कर दिए हैं। एनएचआरसी ने सभी पक्षों से इस पूरे मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट दो हफ्तों के भीतर दाखिल करने को कहा है। मानवाधिकार आयोग ने अपनी चिंता में स्पष्ट किया है कि राजनीतिक या वैचारिक एजेंडे के लिए बच्चों का इस तरह इस्तेमाल करना उनके बाल अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। बिना माता-पिता की सहमति और उनकी समझ से परे जाकर मासूमों के हाथों में ऐसी स्क्रिप्ट थमाना उनके मनोवैज्ञानिक विकास और सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक है। आयोग ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को भी ऐसी आपत्तिजनक सामग्रियों पर लगाम लगाने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में मासूम बच्चों का इस्तेमाल किसी भी राजनीतिक या वैचारिक मकसद के लिए न हो सके और उनके बचपन की गरिमा सुरक्षित रहे।
मासूम बच्चों से पीएम मोदी पर आपत्तिजनक रील बनवाने का मामला, एनएचआरसी ने सेंट्रल सरकार और मेटा इंडिया को भेजा नोटिस
उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आरोप है कि एक कोचिंग या ट्यूशन सेंटर में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों से कथित तौर पर राजनीतिक रूप से संवेदनशील, स्क्रिप्टेड और
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


