|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

महिला अधिकारी से बदसलूकी मामले में आईएएस राजीव रंजन पर गिरेगी गाज, उमर सरकार ने दी जांच को मंजूरी

जम्मू-कश्मीर सरकार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बीनिश वानी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुमार राजीव रंजन के खिलाफ औपचारिक जांच के आदेश जारी कर दिए

NRI Post Hindi Desk · 39 दिन पहले · अपडेट 37 दिन पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
महिला अधिकारी से बदसलूकी मामले में आईएएस राजीव रंजन पर गिरेगी गाज, उमर सरकार ने दी जांच को मंजूरी
📷 NRI Post Hindi Desk

जम्मू-कश्मीर सरकार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा की अधिकारी बीनिश वानी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कुमार राजीव रंजन के खिलाफ औपचारिक जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 2004 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी मंदीप कौर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है, जो वर्तमान में आवास एवं शहरी विकास विभाग में आयुक्त सचिव के पद पर तैनात हैं। जांच अधिकारी को सरकारी आदेश संख्या 1654-जेके (जीएडी) आफ 2026 के तहत यह निर्देश दिया गया है कि वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपें, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह जांच श्रम एवं रोजगार विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राजीव रंजन और गांदरबल जिले में रोजगार विभाग की सहायक निदेशक बीनिश वानी से जुड़े कथित दुर्व्यवहार के आरोपों के संबंध में की जाएगी। सरकारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह मामला सरकार के संज्ञान में प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद आया, जिसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से यह जांच आदेश जारी किया गया। जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने सामान्य प्रशासन विभाग में अतिरिक्त सचिव अमित वर्मानी (जेकेएएस) को पक्ष प्रस्तुत करने वाले अधिकारी के रूप में भी नियुक्त किया है, ताकि जांच के दौरान सभी पक्षों को सुनने का पूरा अवसर मिल सके। इस विवाद ने दो दिन पूर्व घटना के सामने आने के बाद शुक्रवार को बड़ा तूल पकड़ लिया था, जिसके बाद मुख्यमंत्री सहित कई राजनीतिक दलों ने भी इसकी निंदा की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। मामले को बढ़ते देख सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से यह जांच आदेश जारी किया गया। इस बीच जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने बीनिश वानी के साथ कथित दुर्व्यवहार और सार्वजनिक अपमान की कड़ी निंदा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। जेकेएएस आफिसर्स एसोसिएशन ने एक बयान जारी कर कहा था कि वे प्रशासनिक जवाबदेही और कार्य प्रदर्शन की निगरानी का पूरी तरह समर्थन करते हैं, लेकिन किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को अभद्र भाषा, धमकी या ऐसा व्यवहार करने का अधिकार नहीं है, जो किसी सेवारत अधिकारी की गरिमा को ठेस पहुंचाए। एसोसिएशन के बयान में दावा किया गया था कि यह कोई अलग-थलग घटना नहीं है और संबंधित भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पर आधिकारिक कार्य के दौरान कथित तौर पर अशोभनीय एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने का पैटर्न होने के आरोप हैं। जेकेएएस अधिकारियों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव अटल डुल्लू और सामान्य प्रशासन विभाग से मांग की थी कि मूल घटना और उसके बाद जारी विभागीय स्पष्टीकरण, दोनों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके अलावा जेकेएएस आफिसर्स एसोसिएशन ने एक दिन की काम छोड़ो हड़ताल पर जाने का आह्वान किया था और यह भी मांग की थी कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ किसी प्रकार की प्रतिशोधात्मक कार्रवाई न हो तथा कार्यस्थल पर डराने-धमकाने और पद के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। अब सरकार ने जांच के आदेश देकर साफ संकेत दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तय समय सीमा के भीतर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!