उत्तर प्रदेश में यौन अपराधों से जुड़े मामलों की विवेचना और दस्तावेजों में अब पुलिस को पीड़िता के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करना होगा। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पिछली तीस सितंबर को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में सभी पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिकी, केस डायरी, विवेचना संबंधी प्रपत्र, पुलिस रिपोर्ट और आरोपपत्र में लैंगिक रूप से संवेदनशील भाषा का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया है कि पीड़िता के चरित्र, पहनावे, रहन-सहन, वैवाहिक स्थिति, गर्भावस्था या पूर्व यौन इतिहास से संबंधित कोई भी अनावश्यक टिप्पणी न की जाए। इसके साथ ही 'बेचारी महिला', 'असहाय अबला' और 'अभियोक्त्री' जैसे शब्दों के स्थान पर 'पीड़ित महिला', 'पीड़िता', 'उत्तरजीवी' या 'शिकायतकर्ता' जैसे सम्मानजनक शब्दों के प्रयोग पर जोर दिया गया है। डीजीपी के निर्देश में यह भी कहा गया है कि देरी से शिकायत करना अपने आप में शिकायत की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा करने का आधार नहीं है। इसी तरह, आरोपी को पहले से जानना, उसके साथ कहीं जाना या पूर्व संबंध होना सहमति का प्रमाण नहीं माना जाएगा। भय, चोट, धमकी या आरोपी को पहले से जानने की स्थिति में सहमति के निष्कर्ष से बचने को कहा गया है। डीजीपी ने सर्कुलर जारी करते हुए कहा कि आरोपपत्र दाखिल करने से पहले पर्यवेक्षण अधिकारी को बीस बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर जांच करनी होगी। इस चेकलिस्ट में तथ्य व साक्ष्य, पीड़िता की पहचान की गोपनीयता, भाषा, कानूनी धाराओं की शुद्धता तथा पीड़िता को उपलब्ध सहायता और पुनर्वास संबंधी कदम शामिल हैं। यह कदम महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच प्रक्रिया को और अधिक संवेदनशील और पीड़िता केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
महिला अपराध की एफआईआर में अब 'बेचारी' और 'अबला' जैसे शब्दों पर रोक, डीजीपी ने जारी किए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश में यौन अपराधों से जुड़े मामलों की विवेचना और दस्तावेजों में अब पुलिस को पीड़िता के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करना होगा। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पिछली तीस सितंबर
NRI Post Hindi Desk · 47 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 1 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




