|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
मनोरंजन

महाराष्ट्र में दिलचस्प नजारा: सीएम फडणवीस, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ मंच पर

महाराष्ट्र की राजनीति में गुरुवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे एक किताब क

NRI Post Hindi Desk · 26 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
महाराष्ट्र में दिलचस्प नजारा: सीएम फडणवीस, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक साथ मंच पर
📷 NRI Post Hindi Desk

महाराष्ट्र की राजनीति में गुरुवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे एक किताब के विमोचन कार्यक्रम में एक साथ मंच पर नजर आए। मुंबई में आयोजित इस कार्यक्रम में 75 कार्टूनिस्टों के काम और उनकी प्रोफाइल पर आधारित किताब ‘महाराष्ट्राची हास्यरेषा’ का विमोचन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुंबई में कार्टूनिस्टों के लिए एक विशेष गैलरी बनाने की पहल करने का ऐलान किया और कहा कि इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए वह राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे का भी सहयोग लेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं का एक मंच पर आना कोई हैरानी की बात नहीं है, बल्कि यह महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग पार्टियों के नेता एक कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, साथ हंस सकते हैं और चाय भी पी सकते हैं। उद्धव ठाकरे का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि 2019 तक जब भी उद्धव जी उन्हें बुलाते थे, वह जाते थे, लेकिन 2019 के बाद उन्होंने फोन नहीं किया और वह इंतजार कर रहे थे। इस दौरान राज ठाकरे ने कहा कि लोग सोच रहे होंगे कि तीनों नेता आज एक मंच पर कैसे आ गए, लेकिन कुछ मंच ऐसे होते हैं जहां सभी लोग राजनीति को अलग रखकर एक साथ आते हैं और ऐसे कार्यक्रमों में राजनीति के बजाय कला और संस्कृति पर चर्चा होती है। फडणवीस ने कार्टून बनाने की कला की तारीफ करते हुए कहा कि एक कार्टून भी संपादकीय की तरह किसी मुद्दे को प्रभावी ढंग से सामने रख सकता है, क्योंकि संपादकीय किसी विषय को विस्तार से समझाता है जबकि एक कार्टून उसी बात को प्रभावी तरीके से बता सकता है। उन्होंने कहा कि कार्टूनिस्ट अक्सर नेताओं को अपने कार्टून का विषय बनाते हैं और ऐसे में नेताओं को बुरा मानने के बजाय उनका आनंद लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मराठी कार्टूनिस्टों ने महाराष्ट्र की राजनीति और समाज में हुए अहम बदलावों को लगातार दर्ज किया है और उनके कार्टून राजनीतिक माहौल को दिखाने के साथ असहमति और आलोचना जाहिर करने का माध्यम भी रहे हैं। उन्होंने किताब के संपादक प्रशांत कुलकर्णी और ग्रंथाली संस्था को इस संग्रह के लिए बधाई दी और कहा कि पुरानी कार्टून कलाकृतियों को उनके ऐतिहासिक संदर्भों के साथ सहेजना महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान फडणवीस ने राज ठाकरे की कार्टून बनाने की कला का भी जिक्र किया और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर राज ठाकरे कभी उनका कार्टून बनाएं तो उनकी नाक थोड़ी बड़ी बनाएं। बता दें कि 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद साझा करने को लेकर भाजपा और अविभाजित शिवसेना के बीच मतभेद हो गए थे, जिसके बाद दोनों पुराने सहयोगी अलग हो गए और एक-दूसरे के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी बन गए।

🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!