|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा बढ़ी, लेकिन 75 प्रतिशत लोग आज भी नहीं लेते मदद

आज सोशल मीडिया पर डिप्रेशन, एंग्जायटी और तनाव जैसे विषयों पर खूब चर्चा होती है। लोग अपने अनुभव साझा करते हैं और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन क्या इसका मतलब यह है क

NRI Post Hindi Desk · 26 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

आज सोशल मीडिया पर डिप्रेशन, एंग्जायटी और तनाव जैसे विषयों पर खूब चर्चा होती है। लोग अपने अनुभव साझा करते हैं और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन क्या इसका मतलब यह है कि मानसिक परेशानी से जूझ रहे लोग अब पहले से ज्यादा इलाज करा रहे हैं? इसका जवाब है नहीं। सोशल मीडिया पर चर्चा बढ़ने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मदद लेने से बचते हैं। इंडिया टुडे के हेल्थ-वेल्थ समिट में 'ऑल इज़ हेल?' सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने इस अंतर पर चर्चा की। फोर्टिस हेल्थकेयर के मेंटल हेल्थ एंड बिहेवियरल साइंसेज विभाग के चेयरपर्सन और डायरेक्टर डॉ. समीर पारीख ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर बातचीत बढ़ी है, लेकिन इससे यह मान लेना सही नहीं होगा कि इलाज लेने वालों की संख्या में भी उतनी ही बढ़ोतरी हुई है। डॉ. समीर पारीख के मुताबिक, आज भी मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का सामना करने वाले करीब 75 प्रतिशत लोग मदद नहीं लेते हैं। इसके पीछे मानसिक बीमारियों को लेकर सामाजिक झिझक, लोगों में जानकारी की कमी और इलाज तक सीमित पहुंच जैसी वजहें हो सकती हैं। कई लोग मानसिक तनाव, उदासी या घबराहट को अपनी कमजोरी मान लेते हैं, जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। यही गलत सोच इलाज में देरी करने की वजह बन सकती है। विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया पर दिखने वाली मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चर्चाओं को लेकर भी सावधान किया। डॉ. पारीख ने कहा कि सोशल मीडिया के एल्गोरिदम इस बात को प्रभावित करते हैं कि किसी व्यक्ति को किस तरह की पोस्ट बार-बार दिखाई देंगी। जैसे अगर कोई व्यक्ति डिप्रेशन या एंग्जायटी से जुड़ी पोस्ट देखता है या उनसे जुड़ता है, तो उसे इसी विषय का कंटेंट ज्यादा दिखाई देने लग सकता है। इससे उसे लग सकता है कि समाज में हर व्यक्ति मानसिक स्वास्थ्य पर बात कर रहा है और लोग आसानी से मदद भी ले रहे हैं। सत्र में युवाओं के बीच बढ़ते तनाव पर भी चर्चा हुई। डॉ. पारीख ने कहा कि मानसिक तनाव पहले भी था, लेकिन समय के साथ उसके कारण और परिस्थितियां बदल सकती हैं। इसलिए तनाव को नकारने के बजाय लोगों को इससे निपटने के कौशल सिखाने पर ध्यान देना चाहिए। दिल्ली साइकियाट्रिक सोसाइटी की अध्यक्ष डॉ. मनुश्री गुप्ता और मनोचिकित्सक व डिजिटल मेंटल हेल्थ उद्यमी डॉ. संदीप वोहरा भी इस चर्चा में शामिल हुए। चर्चा का अहम संदेश यह है कि मानसिक स्वास्थ्य पर बातचीत बढ़ना सकारात्मक बदलाव है, लेकिन जागरूकता का वास्तविक फायदा तभी मिलेगा, जब लोग जरूरत पड़ने पर मदद लेने में सहज महसूस करेंगे।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!