मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गईं। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी बीएमडब्ल्यू कार पर फायरिंग कर दी। इस घटना में टाइगर श्रॉफ पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस समेत दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए एक शख्स को हिरासत में लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी। घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फायरिंग की घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि हमलावरों को ढूंढकर पकड़ा जाएगा और उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई हैं और जो भी इस हमले के पीछे होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। शिंदे ने यह भी कहा कि उन्होंने टाइगर श्रॉफ के साथ उनके पिता जैकी श्रॉफ से भी फोन पर बात की है और टाइगर से कहा कि वे चिंता न करें, सरकार उनके साथ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुंबई में आम लोगों की सुरक्षा हो या फिल्मी सितारों की, इसकी जिम्मेदारी पुलिस और सरकार की है और इसमें कोई लापरवाही नहीं होगी। उन्होंने मुंबई में पहले हुई गैंगवार की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस ऐसी घटनाओं पर काबू पा चुकी है और मुंबई में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस घटना पर तुरंत संज्ञान लिया और मुंबई पुलिस आयुक्त को फोन कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस को तेजी से जांच करने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात कर भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने भी टाइगर श्रॉफ के परिवार से फोन पर बात कर उनका हाल जाना। वहीं, राकांपा-शरद पवार के विधायक रोहित पवार ने इस घटना को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि टाइगर इस हमले में सुरक्षित रहे, लेकिन अगर कलाकारों और बड़े नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी बिगड़ गई है और मुख्यमंत्री से गृह विभाग की जिम्मेदारी किसी दूसरे विधायक को सौंपने की अपील की, ताकि राज्य के लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। उल्लेखनीय है कि फायरिंग के बाद फेसबुक पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक पोस्ट के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली गई, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम भी शामिल हैं, हालांकि इस पोस्ट की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बोले- हमलावरों को उन्हीं की भाषा में मिलेगा जवाब
मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गईं। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपने घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उनकी बीएमडब्ल्यू कार पर फायरिंग कर दी। इस घटन
NRI Post Hindi Desk · 37 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

