भारत में लग्जरी घरों की कीमतें नए रिकॉर्ड बना रही हैं। मुंबई के समुद्र किनारे बने आलीशान अपार्टमेंट से लेकर गुरुग्राम के सुपर-लग्जरी पेंटहाउस तक, 2026 में कई ऐसी प्रॉपर्टी डील हुईं, जिनकी कीमत 100 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। एंजेल वन के संस्थापक दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू में करीब 711 करोड़ रुपये में एक पूरी रिहायशी इमारत खरीदने का समझौता किया, तो वहीं गुरुग्राम में उद्यमी मानव सरदाना ने 271 करोड़ रुपये का पेंटहाउस खरीदा। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल मुंबई और गुरुग्राम में कई बड़े कारोबारी, निवेशक और उद्योगपति महंगी रिहायशी प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। सबसे बड़ी डील की बात करें तो मुंबई के जुहू में एंजेल वन के संस्थापक, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश ठक्कर ने एम्बेसी डेवलपमेंट्स के प्रोजेक्ट एम्बेसी टेराजा में करीब 711 करोड़ रुपये में पूरी रिहायशी इमारत खरीदने का समझौता किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने इस सौदे के लिए ठक्कर के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। यह इमारत ग्राउंड फ्लोर के अलावा सात मंजिलों वाली है और इसका कारपेट एरिया करीब 63,000 वर्ग फुट है। इस हिसाब से कीमत लगभग 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट बैठती है। दूसरी बड़ी डील मुंबई के वर्ली स्थित नमन ज़ैना प्रोजेक्ट में तान्या दुबाश और शौला रियल एस्टेट्स से जुड़ी दो अपार्टमेंट की खरीद से जुड़ी है, जिसकी कीमत 294 करोड़ रुपये से ज्यादा है। यह डील इसलिए भी अहम है क्योंकि वर्ली इलाके में समुद्र के नजारे वाले प्रीमियम अपार्टमेंट की मांग लगातार बनी हुई है, जहां बड़े आकार के घर, बेहतर लोकेशन और निजी सुविधाएं अल्ट्रा-रिच खरीदारों को आकर्षित करती हैं। गुरुग्राम की बात करें तो गोल्फ कोर्स रोड इलाके में स्थित डीएलएफ के अल्ट्रा-लग्जरी प्रोजेक्ट 'द डहलियाज' में उद्यमी मानव सरदाना ने करीब 271 करोड़ रुपये का पेंटहाउस खरीदा। रिपोर्ट के मुताबिक, यह देश की सबसे महंगी सिंगल आवासीय यूनिट डील्स में से एक है। इस पेंटहाउस का सुपर एरिया करीब 17,200 वर्ग फुट और कारपेट एरिया लगभग 10,500 वर्ग फुट है। कुल कीमत के आधार पर इसका मूल्य सुपर एरिया पर करीब 1.58 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट और कारपेट एरिया पर लगभग 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट बैठता है। इस सौदे की खास बात यह है कि इतनी बड़ी रकम एक ही पेंटहाउस के लिए दी गई है, जिससे पता चलता है कि गुरुग्राम भी अब देश के सबसे महंगे आवासीय बाजारों में अपनी जगह मजबूत कर रहा है। इसी प्रोजेक्ट में निवेशक मधुसूदन केला ने गुरुग्राम में डीएलएफ के द डहलियाज प्रोजेक्ट में करीब 121 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट खरीदा। इस सौदे को 2026 की प्रमुख लग्जरी प्रॉपर्टी खरीद में गिना गया है। इस प्रोजेक्ट में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाले घरों की बिक्री गुरुग्राम के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार की बढ़ती मांग को दिखाती है। यहां खरीदार सिर्फ घर नहीं, बल्कि बेहतर लोकेशन, निजी सुविधाओं और खास जीवनशैली के लिए भी बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं। कुल मिलाकर, 2026 में देश के दो सबसे बड़े शहरों मुंबई और गुरुग्राम में अरबों रुपये की लग्जरी प्रॉपर्टी डील्स ने रियल एस्टेट बाजार की तेज रफ्तार को साफ कर दिया है।
मुंबई से गुरुग्राम तक अरबों के घर खरीद रहे रईस, 711 करोड़ की डील से सब हैरान
भारत में लग्जरी घरों की कीमतें नए रिकॉर्ड बना रही हैं। मुंबई के समुद्र किनारे बने आलीशान अपार्टमेंट से लेकर गुरुग्राम के सुपर-लग्जरी पेंटहाउस तक, 2026 में कई ऐसी प्रॉपर्टी डील हुईं, जिनकी कीमत 100 करो
NRI Post Hindi Desk · 33 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




