भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूक्रेन की राजधानी कीव में एक यूक्रेनी पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए एक बार फिर रूस से कच्चे तेल की खरीद पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध इसलिए समाप्त नहीं होगा कि कोई तेल, खनिज या धातु खरीद रहा है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विवाद केवल बातचीत, कूटनीति और मोल-भाव के जरिए ही सुलझाया जा सकता है। कीव में पत्रकार ने जब पूछा कि क्या भारत रूस से कच्चा तेल खरीदता रहेगा, तो जयशंकर ने कहा कि वह यूक्रेन के सवाल की वजह समझ सकते हैं, लेकिन दूसरे देशों को भी भारत के सामने मौजूद चुनौतियों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को एक अरब 40 करोड़ लोगों को ऊर्जा उपलब्ध करानी है, वह भी ऐसे समय में जब दुनिया में ऊर्जा क्षेत्र की स्थिति काफी कठिन बनी हुई है। विदेश मंत्री ने कहा कि यूक्रेन का अपना पक्ष है जिसका भारत आदर करता है, लेकिन भारत का भी एक दृष्टिकोण है और उसे उम्मीद है कि दूसरे देश भी उसका सम्मान करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जो लड़ाई अब अपने पांचवें वर्ष में है, वह केवल ईंधन या उर्वरक की खरीद रोकने से खत्म नहीं होगी। जयशंकर ने कीव में अपने यूक्रेनी समकक्ष आंद्री सिबिहा के साथ बातचीत के बाद कहा कि भारत युद्ध समाप्त करने के लिए किसी भी प्रकार की कोई भी सहायता देने को तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से यह मानता रहा है कि समाधान युद्ध के मैदान से नहीं, बल्कि शांति वार्ता से निकलेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील का भी जिक्र किया जिसमें उन्होंने रूसी राष्ट्रपति से कहा था कि अब युद्ध को समाप्त करने की कोशिश होनी चाहिए। जयशंकर ने कहा कि संघर्ष के हर बीतते दिन का मतलब अधिक मौतें और अधिक तबाही है, और रास्ता खोजने की जिम्मेदारी संघर्ष में शामिल पक्षों की है। विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा के बारे में जानकारी दी। बता दें कि रूस पिछले कुछ वर्षों में भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बन गया है, और भारतीय रिफाइनरियों को रूसी कच्चे तेल पर मिलने वाली छूट से सस्ता क्रूड मिलता है, जिससे आयात बिल नियंत्रित रहता है। इसके बावजूद, अमेरिका और यूरोपीय देशों का कहना रहा है कि भारत रूस से तेल खरीदकर उसकी युद्ध मशीनरी को वित्तपोषण कर रहा है, लेकिन भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा की जरूरत के मद्देनजर अपने स्टैंड पर कायम है।
यूक्रेन में बोले जयशंकर- रूसी तेल न खरीदने से नहीं रुकेगा युद्ध, बातचीत से ही होगा समाधान
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने यूक्रेन की राजधानी कीव में एक यूक्रेनी पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए एक बार फिर रूस से कच्चे तेल की खरीद पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन
NRI Post Hindi Desk · 82 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





