|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

यूपी में घर खरीदने वालों की हुई मौज, रेरा ने 8 जिलों में 1226 करोड़ की 15 परियोजनाओं को दी मंजूरी

उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रदेश के आठ जिलों में कुल 15 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान कर दी है, जिनमें 1226.57 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव शामिल है। इन स्व

NRI Post Hindi Desk · 42 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
यूपी में घर खरीदने वालों की हुई मौज, रेरा ने 8 जिलों में 1226 करोड़ की 15 परियोजनाओं को दी मंजूरी
📷 NRI Post Hindi Desk

उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने प्रदेश के आठ जिलों में कुल 15 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान कर दी है, जिनमें 1226.57 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव शामिल है। इन स्वीकृत परियोजनाओं के तहत प्रदेश में कुल 1549 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा, जिससे घर खरीदने के इच्छुक लोगों को नई आशा की किरण दिखाई दे रही है। यह महत्वपूर्ण निर्णय यूपी रेरा प्राधिकरण की 216वीं बैठक में लिया गया, जो मंगलवार को प्राधिकरण मुख्यालय में अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों की विस्तृत जांच-पड़ताल के बाद प्राधिकरण ने इन 15 परियोजनाओं को हरी झंडी दी। स्वीकृत सभी परियोजनाओं का विकास कार्य रेरा अधिनियम के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा, जिससे क्रेताओं को तय अवधि में आवास मिल सके। स्वीकृत परियोजनाओं की संख्या, निवेश की मात्रा और प्रस्तावित आवासीय इकाइयों के मामले में लखनऊ प्रदेश में सबसे आगे रहा है। राजधानी लखनऊ में सर्वाधिक सात आवासीय परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनमें 471.24 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इनके माध्यम से कुल 599 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। वाराणसी इस सूची में दूसरे स्थान पर कायम है, जहां दो परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें एक आवासीय और एक मिश्रित श्रेणी की परियोजना शामिल है। इन दोनों परियोजनाओं में 166.73 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इनके तहत कुल 330 इकाइयों का विकास किया जाएगा। प्रदेश के अन्य जिलों की बात करें तो यूपी रेरा ने बाराबंकी में एक आवासीय परियोजना को स्वीकृत किया है, जिसमें 12.68 करोड़ रुपये के निवेश से कुल 92 आवासीय इकाइयां बनाई जाएंगी। मथुरा में एक आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसमें 252.80 करोड़ रुपये के निवेश से 310 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। मुरादाबाद में मिश्रित श्रेणी की एक परियोजना को स्वीकृति दी गई है, जिसमें 42.34 करोड़ रुपये का निवेश और चार इकाइयों का विकास प्रस्तावित है। आगरा में एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें 135 करोड़ रुपये के निवेश के तहत 29 व्यावसायिक इकाइयां बनाई जाएंगी। मेरठ में एक आवासीय परियोजना स्वीकृत हुई है, जिसमें 26.44 करोड़ रुपये के निवेश से 63 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। इसी प्रकार बुलंदशहर में मिश्रित श्रेणी की एक परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसमें 119.34 करोड़ रुपये के निवेश से 122 इकाइयों का विकास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के निर्माण से न केवल आवास की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि भवन निर्माण सामग्री, परिवहन, इंजीनियरिंग, श्रमिकों और अन्य संबंधित सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्राधिकरण प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र परियोजनाओं को समय पर मंजूरी देने के साथ-साथ उनके विकास कार्यों की निगरानी भी लगातार कर रहा है। इससे यह सुनिश्चित होगा कि परियोजनाओं का निर्माण तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो, जिससे आम खरीदारों का भरोसा रियल एस्टेट क्षेत्र में बना रहे और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!