|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

यूपी चुनाव 2027: लोध समाज की सियासी पकड़, किन सीटों पर है मजबूत वोटबैंक?

उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोधी समाज की भूमिका एक बार फिर से चर्चा में है। बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने इस समुदाय को सूबे की राजनीति में मजबूत पहचान दिलाने का काम किया थ

NRI Post Hindi Desk · 35 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोधी समाज की भूमिका एक बार फिर से चर्चा में है। बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने इस समुदाय को सूबे की राजनीति में मजबूत पहचान दिलाने का काम किया था। यूपी में लंबे समय तक लोधी समाज को बीजेपी के महत्वपूर्ण पिछड़े वर्ग के आधार के रूप में देखा जाता रहा है, लेकिन अब यह पार्टी की पकड़ से बाहर भी खिसकता नजर आ रहा है। समाजवादी पार्टी लोध वोटों को साधने के लिए पूरा दमखम लगा रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा अपने पीडीए अभियान के तहत इस समुदाय तक पहुंच बनाने की कवायद कर रही है, जबकि बीजेपी किसी भी सूरत में लोध वोटों को अपनी पकड़ से बाहर नहीं निकलने देना चाहती है, इसीलिए केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही पार्टी ने सियासी समीकरण साधते हुए लोध समुदाय को संदेश दिया है। उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोध समाज एक बेहद प्रभावशाली और निर्णायक अन्य पिछड़ा वर्ग समूह माना जाता है, खासकर पश्चिमी यूपी, रुहेलखंड और बुंदेलखंड के कई जिलों में लोध समाज की सियासी और सामाजिक पकड़ चुनावी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाती है। ओबीसी वर्ग में आने वाला लोधी समुदाय 9 से अधिक प्रमुख उप-जातियों में बंटा हुआ है और अलग-अलग क्षेत्रों तथा ऐतिहासिक आधार पर लोग अपने नाम के आगे लोधी, लोधा, लोध, वर्मा, राजपूत, ठाकुर, सिंह, जंघेल और महालोधी जैसे उपनाम लिखते हैं। लोध समुदाय की आबादी प्रदेश की कुल जनसंख्या का लगभग 3 से 4 प्रतिशत बताई जाती है, हालांकि जातिवार जनगणना के प्रमाणित आंकड़े उपलब्ध न होने के कारण समुदाय की सटीक संख्या बताना मुश्किल है। सूबे में राजनीतिक रूप से लोधी समाज की अहमियत केवल कुल आबादी से नहीं, बल्कि उन जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से तय होती है जहां यह अन्य जातीय समूहों के साथ मिलकर चुनावी परिणामों को बड़े पैमाने पर प्रभावित कर सकता है। सूबे की लगभग 35 से 40 विधानसभा सीटों पर लोधी समाज के मतदाताओं का सीधा प्रभाव है और इन सीटों पर लोधी समाज के वोट 25 हजार से लेकर 90 हजार तक हैं, जबकि एक दर्जन सीटें ऐसी हैं जहां इनकी संख्या 1 लाख से भी ज्यादा है। यूपी के एटा, कासगंज, बदायूं, फर्रुखाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, उन्नाव, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों में लोध समाज की आबादी अच्छी-खासी है, इसके अलावा रामपुर, बरेली, हरदोई और कानपुर के आसपास के क्षेत्रों में भी इसका अच्छा-खासा असर है। लोकसभा सीटों के लिहाज से एटा, फर्रुखाबाद, हमीरपुर और उन्नाव का राजनीतिक इतिहास इस समाज के संदर्भ में विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में लोधी समुदाय के कुल 22 विधायक जीतकर आए थे, जिनमें सबसे ज्यादा 18 विधायक बीजेपी के टिकट पर और 4 विधायक सपा से चुने गए थे। लोध समाज के प्रमुख विधायकों में कल्याण सिंह के पोते संदीप सिंह अतरौली से, आंवला से धर्मपाल सिंह, बुलंदशहर जिले की स्याना सीट से देवेंद्र सिंह लोधी, एटा जिले की मारहरा सीट से वीरेंद्र सिंह लोधी और फिरोजाबाद जिले की जसराना सीट से रामगोपाल पप्पू लोधी शामिल हैं, वहीं सपा के लोधी चेहरे के तौर पर राहुल लोधी उभरे हैं जो रायबरेली की हरचंद्रपुर सीट से विधायक हैं। लोधी समाज के प्रमुख राजनीतिक चेहरों में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह, उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और मंत्री धर्मपाल सिंह का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। लोकसभा के लिहाज से हमीरपुर सीट से समाजवादी पार्टी के अजेंद्र सिंह लोध, फर्रुखाबाद से मुकेश राजपूत और उन्नाव से साक्षी महाराज लोध समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, जबकि योगी सरकार में भी लोधी समाज से धर्मपाल सिंह कैबिनेट मंत्री हैं और संदीप सिंह राज्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!