|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

यूपी में नवंबर अंत तक चलेंगी सभी चीनी मिलें, धान खरीद में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उन्होंने पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी

NRI Post Hindi Desk · 9 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
यूपी में नवंबर अंत तक चलेंगी सभी चीनी मिलें, धान खरीद में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
📷 NRI Post Hindi Desk

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उन्होंने पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने और किसानों से लगातार संवाद कर उन्हें जागरूक करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि ग्राम स्तर तक जागरूकता अभियान चलाया जाए और किसानों को फसल अवशेषों के प्रबंधन के व्यावहारिक विकल्प बताए जाएं, ताकि इस वर्ष पराली जलाने की घटनाओं में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके। उन्होंने प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। धान और मोटे अनाज की खरीद को लेकर मुख्य सचिव ने कहा कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी क्रय केंद्र पूरी तरह सक्रिय रहें, जहां केंद्र प्रभारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी बिक्री केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी केंद्र पर शून्य स्टॉक की स्थिति नहीं होनी चाहिए और खराब पड़ी पीओएस मशीनों को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि किसानों को खाद लेने में कोई दिक्कत न हो। धान खरीद का लक्ष्य 65 लाख टन रखा गया है, जिसके लिए 4,500 क्रय केंद्र खोलने का लक्ष्य था, लेकिन अब तक 4,881 केंद्र संचालित हो चुके हैं। 14 नवंबर तक 21,384 किसानों से 181 करोड़ रुपये की धान की खरीद की जा चुकी है। किसानों को एमएसपी, पंजीकरण और भुगतान की जानकारी देने के लिए मंडियों के मुख्य द्वार पर बैनर और वाल पेंटिंग कराई जाए और खरीद संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। गन्ना किसानों के हित में मुख्य सचिव ने नवंबर माह के अंत तक प्रदेश की सभी चीनी मिलों का संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए और कहा कि गन्ना किसानों को समय से भुगतान कराया जाए तथा चीनी मिलों में पेराई की तैयारियां पूरी की जाएं। इसके अलावा उन्होंने निराश्रित गोवंश को अभियान चलाकर गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित करने के निर्देश दिए और सर्दी के मद्देनजर गो-आश्रय स्थलों में शेड, अलाव और फर्श पर पुआल की व्यवस्था के साथ भूसे और हरे चारे का पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की खराब स्थिति पर मुख्य सचिव ने नाराजगी जताई और प्रभावित सड़कों का सर्वे कराकर प्राथमिकता से मरम्मत कराने तथा काम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!