|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले, 5 जिलों में नए डीएम तैनात

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकारियों के तबादले संबंधी दिए गए दिशा-निर्देश के तहत शुक्रवार देर रात राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों क

NRI Post Hindi Desk · 11 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले, 5 जिलों में नए डीएम तैनात
📷 NRI Post Hindi Desk

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकारियों के तबादले संबंधी दिए गए दिशा-निर्देश के तहत शुक्रवार देर रात राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पहले जारी इन आदेशों में पांच जिलाधिकारी सहित लखनऊ व मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, गाजियाबाद व वाराणसी के नगर आयुक्त और सात मुख्य विकास अधिकारी भी शामिल हैं। आयोग ने 27 अक्टूबर को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया था कि 31 मई 2027 तक एक जिले में तीन वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने वाले अधिकारियों को स्थानांतरित किया जाए तथा नगर निगम व विकास प्राधिकरणों में कार्यरत ऐसे अधिकारियों को भी हटाने के लिए कहा था। पिछले विधानसभा चुनाव या उपचुनाव में तैनात रहे अधिकारियों की भी उसी विधानसभा क्षेत्र या जिले में फिर से तैनाती न करने के निर्देश दिए गए थे और इस संबंध में मुख्य सचिव से 30 नवंबर तक आयोग ने रिपोर्ट मांगी थी। आयोग के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने सीतापुर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर के जिलाधिकारी बदल दिए हैं। राजागणपति आर को सीतापुर के जिलाधिकारी पद से हटाकर सूडा का निदेशक बनाया गया है, जबकि लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में भी जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई है, जिसमें गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज से सिद्धार्थनगर और शिवशरणप्पा को सिद्धार्थनगर से महाराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। जोगिन्दर सिंह को बिजनौर तथा सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, वहीं मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को विशेष सचिव नगर विकास और बिजनौर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त और गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में भी बदलाव किया गया है, जिसमें संजय कुमार मीणा को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है, जबकि राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है और अयोध्या के मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह को यमुना प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, जिसमें नोएडा की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना पाठक को सहारनपुर मंडल का अपर आयुक्त और बरेली मंडल की अपर आयुक्त प्रीति जायसवाल को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। यह व्यापक फेरबदल निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में किया गया है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक तंत्र को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!