|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

रांची में छात्रों ने तोड़ी छठी बाधा, विधानसभा के समीप पहुंचे प्रदर्शनकारी, सीएम से मांगा 'रिटर्न गिफ्ट'

झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया है। छात्रों ने रविवार को विधानसभा की ओर मार्च करते हुए कंटीले तार

NRI Post Hindi Desk · 106 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट

झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया है। छात्रों ने रविवार को विधानसभा की ओर मार्च करते हुए कंटीले तार वाले बैरिकेड को उखाड़ फेंका और छठी बाधा को पार करते हुए झारखंड विधानसभा के करीब पहुंच गए। प्रदर्शनकारी छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपनी मांगों को पूरा करने की अपील कर रहे हैं। खास बात यह है कि आज सीएम सोरेन का जन्मदिन है, ऐसे में प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने कहा कि वे अपनी मांगों को पूरा करने के रूप में सीएम से 'रिटर्न गिफ्ट' चाहते हैं। वहीं, 9 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो भी मार्च में शामिल हो गए हैं, जिन्हें कमजोरी के कारण स्ट्रेचर पर ले जाया गया। इस दौरान छात्रों ने उन्हें कंधा देकर फूल बरसाकर स्वागत किया और तिरंगा लहराया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करते हुए पुलिस की ओर से लगाई गई बाधाओं को पार किया। पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा तक के रास्ते में छह जगहों पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे छात्र तोड़ते हुए आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं रुके। इस बीच, एक छात्र सीएम सोरेन के लिए गुलाब का फूल लेकर पहुंचा। उसने कहा कि यह फूल उनके प्रिय सीएम के लिए है, जिनके कानों पर 16 दिनों से जूं नहीं रेंग रही है और वे हर कांटे का जवाब फूलों से देंगे। दूसरी तरफ, झारखंड बीजेपी ने भी सीएम आवास का घेराव किया, जिस दौरान पुलिस ने प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। बीजेपी कार्यकर्ताओं की हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी है। विधानसभा घेराव से पहले मेडिकल टीम ने अनशन पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बता दें कि रविवार को राज्य मंत्रियों की विशेष कमेटी और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब पांच घंटे तक चली मैराथन वार्ता बेनतीजा रहने के बाद छात्रों ने सोमवार को विधानसभा घेराव का फैसला किया था।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!