नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत इंडी गठबंधन के कई विपक्षी सांसद गुरुवार को राजघाट पहुंचे, जहां वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ धरना देने वाले हैं। इससे पहले विपक्षी नेता जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। करीब दो घंटे की हिरासत के बाद सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया, जिसके बाद वे राजघाट के लिए रवाना हुए। कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट में दोपहर के भोजन के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कई विपक्षी सांसदों के साथ राजघाट के लिए निकल चुके हैं। राजघाट पर पहले से ही कई कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचकर नारेबाजी कर रहे हैं और वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन हमें प्रदर्शन से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमारे लोगों को मारा गया और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, इसलिए अब हम राजघाट जा रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि करीब तीन सौ सांसद शांतिपूर्ण धरना देना चाहते हैं, लेकिन पहले दिन हमें चुनाव आयोग के दफ्तर के पास रोका गया और दूसरे दिन जंतर-मंतर जाने से रोका गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने आपराधिक साजिश करके देश को हाईजैक किया है, संविधान को नष्ट किया और वोट चोरी की है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गांधी, नेहरू और सरदार पटेल जैसे महान नेताओं ने हमें आजादी दिलाई थी और मोदी तथा शाह उस आजादी को छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम देश को बताना चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमसे वोट देने का अधिकार छीन रही है। खरगे ने आगे कहा कि इंडी गठबंधन के सभी सांसद गांधी स्मारक जा रहे हैं, जहां हम धरना देंगे और शांति से बैठकर यही प्रार्थना करेंगे कि भाजपा सरकार, मोदी और शाह को सद्बुद्धि मिले। उन्होंने कहा कि जो कुछ हो रहा है, वह देश के हित में नहीं है, चाहे वह वोट चोरी का मामला हो, देश में बढ़ती महंगाई हो या युवाओं की समस्या हो। बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में विपक्ष गुरुवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है।
राजघाट पहुंचे राहुल-प्रियंका और खरगे समेत इंडी गठबंधन के नेता, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देंगे धरना
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत इंडी गठबंधन के कई विपक्षी सांसद गुरुवार को राजघाट पहुंचे, जहां वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ धरना देने
NRI Post Hindi Desk · 47 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


