|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

राजस्थान के आबू में मिला 150 साल पुराना विशाल सफेदा, देश का दूसरा सबसे मोटा वृक्ष दर्ज

राजस्थान की वन संपदा को एक नई राष्ट्रीय पहचान मिली है, जब माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य में ब्रिटिशकाल में लगाया गया करीब 150 वर्ष पुराना सफेदा (यूकेलिप्टस) का वृक्ष देश का दूसरा सबसे मोटा सफेदा वृक्ष पा

NRI Post Hindi Desk · 77 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
राजस्थान के आबू में मिला 150 साल पुराना विशाल सफेदा, देश का दूसरा सबसे मोटा वृक्ष दर्ज
📷 NRI Post Hindi Desk

राजस्थान की वन संपदा को एक नई राष्ट्रीय पहचान मिली है, जब माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य में ब्रिटिशकाल में लगाया गया करीब 150 वर्ष पुराना सफेदा (यूकेलिप्टस) का वृक्ष देश का दूसरा सबसे मोटा सफेदा वृक्ष पाया गया है। उदयपुर के वन विशेषज्ञ एवं पूर्व वन अधिकारी डॉ. सतीश कुमार शर्मा ने अपने शोध और राष्ट्रीय रिकॉर्ड से आंकड़ों के मिलान के बाद इस ऐतिहासिक तथ्य की पुष्टि की है। माउंट आबू वन्यजीव अभयारण्य के उप वन संरक्षक अनिल गुप्ता की सूचना पर डॉ. शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस विशाल वृक्ष का गहन अध्ययन किया। करीब 20 मीटर ऊंचे इस वृक्ष की वक्ष ऊंचाई पर परिधि 4.55 मीटर दर्ज की गई है, जबकि राष्ट्रीय रिकॉर्ड में दर्ज सबसे मोटे सफेदा वृक्ष की परिधि वर्तमान में करीब 4.70 मीटर बताई गई है। इस प्रकार दोनों वृक्षों की मोटाई में केवल 15 सेंटीमीटर का ही अंतर है, जो इस वृक्ष के महत्व को और अधिक बढ़ा देता है। राष्ट्रीय रिकॉर्ड के अनुसार, आंध्र प्रदेश के हॉर्सली हिल पर स्थित देश का सबसे मोटा सफेदा वृक्ष है, जिसे तत्कालीन चित्तूर जिले के कलेक्टर डब्ल्यू.एच. हॉर्सले ने 1859 में यूकेलिप्टस ग्रैंडिस प्रजाति का पौधा लगाकर तैयार किया था। वर्ष 1995 में भारत सरकार ने उसी वृक्ष को देश का सबसे बड़ा सफेदा घोषित कर महावृक्ष पुरस्कार से सम्मानित किया था। डॉ. शर्मा के अनुसार, आबू के इस वृक्ष के तने पर करीब तीन मीटर तक कोई शाखा नहीं है और इसके बाद यह कई शाखाओं में विभाजित हो जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्राचीन वृक्ष किसी भी क्षेत्र के प्राकृतिक इतिहास के जीवंत दस्तावेज होते हैं, जिन्हें संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। इस खोज के बाद वन विभाग इस विशाल वृक्ष के संरक्षण और उसकी पहचान के लिए सूचना पट्ट लगाने की तैयारी में जुट गया है, ताकि पर्यटक और शोधार्थी इस प्राकृतिक धरोहर के बारे में जान सकें।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!