राजस्थान की सियासत में अब जेन-जेड पीढ़ी ने दस्तक दे दी है। अलवर के थानागाजी नगर पालिका से महज 21 साल 4 माह की नेहा शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर कांग्रेस प्रत्याशी को 101 मतों के अंतर से हराया और पार्षद का चुनाव जीत लिया। नेहा की यह जीत थानागाजी नगर पालिका में भाजपा के विजयी प्रत्याशियों के बीच सबसे बड़े अंतर से मिली जीत बताई जा रही है। राजनीति में आने से पहले नेहा शर्मा ने करीब चार साल तक पत्रकारिता की और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दे उठाए। अब वह खुद जनप्रतिनिधि की भूमिका में नजर आएंगी और चुनाव जीतने के बाद उनका नाम थानागाजी नगर पालिका के चेयरमैन पद की संभावित दौड़ में भी चर्चा में है। वहीं दूसरी तरफ जयपुर नगर निगम के वार्ड 71 से 21 वर्षीय फैज हसन ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। फैज हसन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद सलीम को शिकस्त दी, जिन्हें 5,256 वोट मिले, जबकि भाजपा की प्रत्याशी निशा गौड़ तीसरे स्थान पर रहीं। इतनी कम उम्र में नगर निगम तक पहुंचने वाले युवा चेहरों में फैज हसन का नाम सामने आया है। दोनों की जीत ने स्थानीय राजनीति में युवा चेहरों और नई पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी को मजबूती दी है। जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों ने शहर की सियासी तस्वीर साफ कर दी है। 150 वार्ड वाले नगर निगम में भाजपा ने 78 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, कांग्रेस के खाते में 53 सीटें आई हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने 15 वार्डों में जीत दर्ज की है। सोमवार को 150 में से 146 वार्डों की मतगणना हुई, जबकि बाकी वार्ड नंबर 9, 18, 25 और 34 के 5 बूथों पर दोबारा मतदान होगा। जयपुर की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को नगर निगम चुनाव में करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस की बागी ज्योति खंडेलवाल को भाजपा ने वार्ड नंबर 110 से मैदान में उतारा था, लेकिन कांग्रेस की सुनीता मेठी ने उन्हें शिकस्त दे दी और वह अपने एक भी बूथ पर जीत दर्ज नहीं कर पाईं। वार्ड 76 से भाजपा के पुनीत कर्णावत ने जीत दर्ज की है और उनका नाम जयपुर के अगले मेयर की रेस में भी चर्चा में आ गया है। वार्ड नंबर 87 से प्रतिभा शर्मा ने जीत दर्ज की है, जो मुख्यमंत्री के ओएसडी आनंद शर्मा की पत्नी हैं, और उनकी जीत के बाद महिला के मेयर बनने के सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जयपुर में असदुद्दीन ओवैसी और हनुमान बेनीवाल का गठजोड़ भी असर दिखाता नजर आया, जहां वार्ड नंबर 146 से फिरोज बानो ने एआईएमआईएम और आरएलपी के संयुक्त प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की। वार्ड नंबर 49 में मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले भाजपा नेता मुकेश शर्मा उर्फ काका को कांग्रेस के धर्म सिंह सिंघानिया ने हरा दिया, जबकि वार्ड 35 में भाजपा नेता विमल कटियार को निर्दलीय प्रत्याशी ने शिकस्त दी। वार्ड 113 में निर्दलीय प्रत्याशी गजनफर अली ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 10 हजार 14 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से हराया। मतगणना के दौरान वार्ड नंबर 20 में रिकाउंटिंग की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के सामने नारेबाजी की, लेकिन प्रशासन ने रिकाउंटिंग की मांग स्वीकार नहीं की। मामला बढ़ता देख कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान और विधायक अमीन कागजी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद मामला शांत हुआ।
राजस्थान में जेन-जेड की सियासी एंट्री, 21 साल की नेहा और फैज बने पार्षद
राजस्थान की सियासत में अब जेन-जेड पीढ़ी ने दस्तक दे दी है। अलवर के थानागाजी नगर पालिका से महज 21 साल 4 माह की नेहा शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर कांग्रेस प्रत्याशी को 101 मतों के
NRI Post Hindi Desk · 71 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




