राजस्थान में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 में से 6 नगर निगमों में अपना कब्जा जमा लिया है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मारी है। इन चुनावी नतीजों में कांग्रेस पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। निकायों से सामने आए परिणामों के मुताबिक, उदयपुर में भाजपा के दिनेश भट्ट को डिप्टी मेयर चुना गया है, जबकि अजमेर में भाजपा के हेमंत सांखला, अलवर में भाजपा के अजय पुनिया और बीकानेर में भाजपा के पंकज गहलोत को जीत मिली है। इसके अलावा भीलवाड़ा में भाजपा के राधेश्याम सोमानी, भरतपुर में भाजपा की अंबिका सैनी और पाली में निर्दलीय प्रत्याशी महबूब टी को डिप्टी मेयर और उपाध्यक्ष पद की कुर्सी मिली है। अजमेर और पाली में मुकाबला इतना कड़ा था कि हार-जीत का फैसला पर्ची यानी लॉटरी सिस्टम से करना पड़ा, क्योंकि अजमेर में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही उम्मीदवारों को बराबर 40-40 वोट मिले थे। वहीं इसके उलट, भीलवाड़ा में भाजपा के राधेश्याम सोमानी ने निर्विरोध जीत हासिल की। चुनावों के बीच सबसे बड़ा उलटफेर बीकानेर नगर निगम में देखने को मिला, जहां कांग्रेस पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत था, इसके बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस पार्षदों की ओर से की गई क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा के पंकज गहलोत डिप्टी मेयर बने। खास बात ये है कि इसके ठीक एक दिन पहले ही चुनाव में कांग्रेस ने बीकानेर में अपना मेयर बनाया था, लेकिन उपमहापौर चुनाव में बाजी पलट गई। इसके अलावा, बारां नगर परिषद के उपसभापति चुनाव में आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत मिली, जहां आप के तेजस सुमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 50 वोटों में से 31 वोट हासिल किए और कांग्रेस उम्मीदवार नवीन को 19 वोटों से हरा दिया। जोधपुर की मथानिया नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के जितेंद्र देवड़ा ने 18 वोट पाकर जीत दर्ज की। इस दौरान कांग्रेस नेत्री दिव्या मदेरणा भी खासी चर्चा में रहीं, जो सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सिर पर हेलमेट पहनकर मतदान केंद्र पहुंची थीं। राजस्थान के इन चुनावों में हंगामे और रोमांच की कोई कमी नहीं थी। कोटा की रामगंज मंडी नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के महेंद्र समरिया निर्विरोध चुने गए, जिसके बाद वो अपनी जीत की खुशी में दंडवत करते हुए करीब 500 मीटर दूर गोवर्धन नाथ मंदिर पहुंच गए। वहीं, सवाई माधोपुर नगर परिषद में उपसभापति पद के नामांकन के दौरान भाजपा चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत और पुलिस के बीच तीखी नोकझोक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। सीकर में एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई, जहां पूर्व सभापति और कांग्रेस पार्षद ने भाजपा प्रत्याशी रेखा विचारणीय के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। बीकानेर में वोटिंग के दौरान विधायक जेठालाल विकास की गाड़ी रोके जाने पर हल्का विवाद हुआ, जिसे बाद में महापौर प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ने बीच-बचाव कर शांत कराया। उदयपुर की फतेह नगर पालिका में भाजपा के बागी पार्षद राजेश चपलोद को अध्यक्ष चुनाव के दौरान एससी-एसटी एक्ट के मामले में पुलिस कस्टडी में वोट डालने लाया गया। भरतपुर संभाग के 32 निकायों में से 22 स्थानों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्वाचित हुए, जबकि कांग्रेस को 7 और निर्दलीयों को 3 सीटों पर संतोष करना पड़ा। भरतपुर नगर निगम में महापौर अनुराधा सिंह की जीत के बाद उपमहापौर पद पर अंबिका सैनी ने जीत दर्ज की। डीग जिले के सभी छह निकायों में पूरी तरह भाजपा का दबदबा देखने को मिला। दूसरी ओर, करौली जिले के 6 निकायों में समीकरण थोड़े अलग रहे, जहां भाजपा को 1, कांग्रेस को 2 और निर्दलीयों को 3 पदों पर सफलता मिली। धौलपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का रहा, जबकि सवाई माधोपुर के 6 निकायों में उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने 4 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की।
राजस्थान में भाजपा का दबदबा: 7 में से 6 नगर निगमों में डिप्टी मेयर पर कब्जा, कांग्रेस को करारी हार
राजस्थान में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 में से 6 नगर निगमों में अपना कब्जा जमा लिया है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मारी है।
NRI Post Hindi Desk · 63 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


