राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू इलाके में रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल की हालत देखने पहुंचे एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की जमकर झड़प हो गई। 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल की स्थिति जानने पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका विरोध करते हुए उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। आरोप है कि ग्रामीणों ने कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए, उन पर रेत उछाली और पत्थरबाजी भी की। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि उनकी टीम के साथियों के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मारपीट की और वाहनों को क्षति पहुंचाई। सोशल मीडिया मंच पर दी गई प्रतिक्रिया में आशुतोष रांका ने कहा कि गांव में जो लोग मौजूद थे, वे असल में स्थानीय ग्रामीण नहीं बल्कि भाजपा द्वारा बुलाए गए लोग थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों का सरगना कमल प्रधान है, जो कथित तौर पर गरीब लोगों की जमीन पर कब्जा करने का काम करता है। रांका ने यह भी कहा कि जो उनके साथी पहले से स्कूल पर मौजूद थे, उनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को यह मंजूर है कि बच्चे भैंसों के तबेले जैसी जगह में पढ़ते रहें, लेकिन स्कूलों को ठीक कराने की कोशिश उन्हें बर्दाश्त नहीं है। इस घटना पर सोशल मीडिया पर अभिजीत दिपके ने भी प्रतिक्रिया देते हुए आशुतोष पर भाजपा के गुंडों द्वारा हमले का आरोप लगाया और राजस्थान पुलिस पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल की इमारत लंबे समय से जर्जर हालत में है और बच्चे पढ़ने के लिए उपयुक्त माहौल से वंचित हैं। ग्रामीण विष्णु कुमार शर्मा ने बताया कि स्कूल के लिए जमीन उनके दादाजी ने दी थी और 1999 में भवन का निर्माण हुआ था, लेकिन उसके बाद कभी मरम्मत नहीं हुई। अब स्कूल भवन इतना खराब हो चुका है कि वहां बच्चों के बैठकर पढ़ने की स्थिति नहीं है, इसलिए ग्रामीणों ने अपने स्तर पर एक बड़े भवन में दो कमरे उपलब्ध कराए हैं, जहां दो शिक्षक करीब 20-30 बच्चों को पढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक डॉ. कैलाश वर्मा ने स्कूल के लिए 9 लाख रुपये का बजट पास होने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। वहीं, एक अन्य ग्रामीण राजेश कुमार शर्मा ने राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के गांव में पहुंचने का विरोध किया और आरोप लगाया कि वे स्कूल के मुद्दे को लेकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करना जायज है, लेकिन प्रदर्शन का तरीका सही होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से 12 लाख रुपये का बजट पास किया गया है, लेकिन स्कूल का निर्माण अभी तक शुरू नहीं हो सका है। फिलहाल, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने अपना विरोध जारी रखा है।
राजस्थान में स्कूल निरीक्षण को लेकर भिड़ंत, राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं पर ग्रामीणों का हमला, कई गाड़ियां तोड़ी गईं
राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू इलाके में रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सरकारी स्कूल की हालत देखने पहुंचे एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की जमकर झड़प हो गई। 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तह
NRI Post Hindi Desk · 95 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




