दक्षिण कोरिया की पुलिस ने राजधानी सियोल में जासूसी के आरोप में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर दक्षिण कोरिया और अमेरिका की सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां इकट्ठा करने का गंभीर आरोप है। पुलिस के अनुसार, पहला आरोपी करीब 60 वर्ष का है, जो पहले चीनी सेना में काम कर चुका है। उसने दक्षिण कोरिया पहुंचकर एक एयरबेस के पास होटल में इंटरसेप्शन डिवाइस लगाई थी, जिसमें सॉफ्टवेयर-डिफाइंड रेडियो रिसीवर, एक एंटीना और एक लैपटॉप शामिल था। यह एयरबेस दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी वायु सेनाएं मिलकर इस्तेमाल करती हैं। आरोप है कि उसने फाइटर जेट पायलटों और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स के बीच की बातचीत को इंटरसेप्ट किया। पूछताछ में उसने दावा किया कि विमानों की बातचीत सुनना उसका शौक है, लेकिन पुलिस को शक है कि उसने यह जानकारी चीनी अधिकारियों तक पहुंचाई है। दूसरा आरोपी 40 साल का चीनी नागरिक है, जो सियोल के पास अमेरिकी सैन्य मुख्यालय से गैर-कानूनी तरीके से जानकारी जुटाने के आरोप में गिरफ्तार हुआ है। यह जानकारी अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास, हथियारों की आवाजाही की तस्वीरें और अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारियों के तबादलों से जुड़ी थी। पुलिस का कहना है कि इस व्यक्ति ने एक स्थानीय महिला से जानकारी हासिल की, जो अमेरिकी कमांड में काम करती थी। जानकारी के बदले उसने महिला को पैसे दिए और उनके बीच रोमांटिक संबंध होने का भी शक है। आरोपी ने बताया कि उसने यह जानकारी अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए मांगी थी, क्योंकि वह अमेरिकी कमांड के पास मिलिट्री सप्लाई की दुकान चलाता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर दुश्मन की मदद करने और कम्युनिकेशन से जुड़ी गोपनीय जानकारी की सुरक्षा से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी के लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि पता चल सके कि इंटरसेप्ट की गई बातचीत कहीं चीनी अधिकारियों तक तो नहीं पहुंचाई गई। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सेनाएं अगले हफ्ते बड़े पैमाने पर सालाना सैन्य अभ्यास शुरू करने वाली हैं। फिलहाल अमेरिका दक्षिण कोरिया में करीब 28,500 सैनिक तैनात रखता है। दक्षिण कोरिया में चीन की जासूसी का लंबा इतिहास रहा है, जिसमें मुख्य रूप से आर्थिक-तकनीकी चोरी और सैन्य आंकड़ों की चोरी शामिल है। दोनों देशों के बीच 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे, जिसके बाद व्यापार तेजी से बढ़ा, लेकिन साथ ही जासूसी की घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। चीनी विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
रेडियो रिसीवर से लेकर रोमांटिक रिश्तों तक... ऐसे पकड़े गए चीन के 2 जासूस, दक्षिण कोरिया में खुली जासूसी की पोल
दक्षिण कोरिया की पुलिस ने राजधानी सियोल में जासूसी के आरोप में दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर दक्षिण कोरिया और अमेरिका की सैन्य गतिविधियों से जुड़ी गोपनीय जानकारियां इकट्ठा करने का
NRI Post Hindi Desk · 105 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


