जिस पल का सभी भारतीयों को बेसब्री से इंतजार था, वह दिन आखिरकार आ गया है। रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस पौराणिक फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी मां सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ के किरदार में हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में लंबे समय से जबरदस्त उत्साह था और रिलीज होने के बाद यह उत्साह चरम पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर रामायण ट्रेंड कर रही है और शुरुआती समीक्षाओं में फिल्म के विजुअल्स, एक्शन दृश्यों और कलाकारों की अदाकारी की जमकर तारीफ हो रही है। फिल्म में यश ने रावण का किरदार निभाया है और दक्षिण भारत में उनका अलग ही क्रेज देखने को मिल रहा है। सिनेमाघरों के बाहर से ऐसे दृश्य सामने आए हैं जिनमें लोग ढोल बजाते हुए नजर आ रहे हैं। दर्शकों का कहना है कि जब-जब यश स्क्रीन पर आए हैं, गर्दा उड़ गया है। राघव जुयाल ने रावण के बेटे मेघनाद का रोल निभाया है और उनकी कास्टिंग ने सभी को हैरान किया है। पहले पार्ट में उनकी हल्की झलक दिखी है जबकि दूसरे पार्ट में उनका पूरा किरदार नजर आएगा। फिल्म के आखिर में सनी देओल की हनुमान के रूप में झलक देखने को मिली है और उनका चेहरा निर्माताओं ने अभी रिवील नहीं किया है, केवल बैक लुक दिखाया गया है। दृश्य के अंत में वे जय श्री राम बोलते नजर आते हैं। फिल्म के क्लाइमैक्स में निर्माताओं ने दर्शकों को एक और सरप्राइज दिया है। दूसरे पार्ट की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है और अब यह पार्ट दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। रामायण को वर्ल्डवाइड लेवल पर रिलीज किया गया है और इसके इंग्लिश वर्जन का नाम 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' रखा गया है जो हिंदी फिल्म से करीब 30 मिनट छोटा है। इसे इंटरनेशनल दर्शकों के हिसाब से तैयार किया गया है। विदेशी मीडिया में भी फिल्म को वाहवाही मिल रही है और ब्रिटिश अखबार 'द गार्जियन' ने इसे 5 में से 4 स्टार देते हुए ग्रैंड और शानदार बताया है तथा इसकी तुलना 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' और 'द लायन किंग' से की गई है। इंटरनेट पर मूवी के कुछ दृश्य भी वायरल हो रहे हैं जिनमें बैकग्राउंड में लोगों के हूटिंग करने और जय श्री राम का नारा लगाने की आवाजें सुनाई देती हैं। जनता ने नितेश तिवारी की फिल्म को मास्टरपीस कहा है और अभिनेत्री प्रज्ञा जायसवाल सहित कई सेलेब्स ने भी फिल्म देखकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रणबीर कपूर की रामायण रिलीज, यश के रावण ने मचाया धमाल, समीक्षकों ने कहा- मास्टरपीस
जिस पल का सभी भारतीयों को बेसब्री से इंतजार था, वह दिन आखिरकार आ गया है। रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' ने दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। नितेश तिवारी के निर्देशन में
NRI Post Hindi Desk · 19 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 मनोरंजन
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।
