|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

रमीकल्चर ऐप मामले में ईडी का बड़ा एक्शन, 442 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त

प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने रमीकल्चर ऐप और इससे जुड़े अन्य मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 442.35 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। ईडी के बेंगलुरु जोनल क

NRI Post Hindi Desk · 58 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
रमीकल्चर ऐप मामले में ईडी का बड़ा एक्शन, 442 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त
📷 NRI Post Hindi Desk

प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने रमीकल्चर ऐप और इससे जुड़े अन्य मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 442.35 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। ईडी के बेंगलुरु जोनल कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 के तहत यह कार्रवाई की है और इसके लिए 25 सितंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 5(1) के तहत अनंतिम कुर्की आदेश जारी किया गया। जब्त की गई संपत्तियों में सावधि जमा, व्यावसायिक दुकानें, एक विला और कई आवासीय संपत्तियां शामिल हैं, जो मेसर्स गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के शेयरधारकों के परिवार के सदस्यों, निजी पारिवारिक ट्रस्ट और उनसे जुड़ी अलग-अलग संस्थाओं के नाम पर दर्ज हैं। ईडी ने तेलंगाना में कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत जांच शुरू की थी। ये प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत धोखाधड़ी के अपराधों से संबंधित हैं, जिन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अनुसूचित अपराध माना गया है। इससे पहले ईडी ने 7 से 14 मई और 20 से 21 जून 2026 के दौरान मेसर्स गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय और उसके निदेशकों तथा मुख्य कर्मचारियों के घरों पर धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 17 के तहत तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की थी। इन तलाशी अभियानों के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए गए, जो जांच में अहम सुराग साबित हुए। जांच में सामने आया कि रमी कल्चर, रमी प्राइम, प्लेशिप और रमी टाइम जैसे ब्रांडों के तहत मोबाइल ऐप्स के जरिए मेसर्स गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स रमीटाइम टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड ऑनलाइन रियल मनी खेलों, खासकर रमी का टूर्नामेंट चलाने का काम करती थीं। देश भर में इन प्लेटफॉर्मों पर 3 करोड़ से भी ज्यादा उपयोगकर्ता थे। जांच में यह भी पता चला कि इन कंपनियों ने उपयोगकर्ताओं द्वारा जमा की गई दांव की रकम पर 10 से 15 प्रतिशत प्लेटफॉर्म कमीशन लेकर भारी कमाई की। इन कंपनियों ने पहले लोगों को भरोसा दिलाया कि ये गेमिंग प्लेटफॉर्म बॉट्स से मुक्त हैं और फिर उन्होंने उपयोगकर्ताओं की जानकारी के बिना ऑटोमेटेड प्रोग्राम या एल्गोरिदम यानी बॉट्स का इस्तेमाल किया, जिसके कारण उपयोगकर्ताओं को भारी नुकसान हुआ। जांच में पता चला कि इन कंपनियों ने उपयोगकर्ताओं को अपने प्लेटफॉर्म से जोड़े रखने के लिए कथित तौर पर धोखाधड़ी की रणनीतियां अपनाईं और सिर्फ नए लोगों को आकर्षित करने के लिए तकरीबन 1,035 करोड़ रुपये मार्केटिंग और प्रमोशनल कैंपेन पर खर्च कर दिए। नए उपयोगकर्ताओं को बोनस, रेफरल इंसेंटिव, फ्री टूर्नामेंट एंट्री और प्रमोशनल रिवॉर्ड्स के जरिए लगातार गेम खेलने और ज्यादा पैसे जमा करने के लिए लुभाया गया। कंपनियों ने पैसे निकालने पर भी कुछ प्रतिबंध लगाए थे और कुछ मामलों में 5 से 10 प्रतिशत तक निकासी शुल्क ली गई। वहीं, सुपर बूस्टर जैसे ऑफर्स के जरिए उपयोगकर्ताओं को अपने निकाले जा रहे बैलेंस को गेम कैश में बदलने के लिए प्रेरित किया गया। ईडी की जांच में पता चला कि जो उपयोगकर्ता गेम छोड़ चुके थे, उन्हें दोबारा से प्लेटफॉर्म पर लाने की कोशिश की गई, जिसमें उन लोगों को शामिल किया गया जिन्हें भारी नुकसान हुआ था। ऐसे लोगों को इंस्टेंट कैश क्रेडिट, प्रमोशनल ऑफर्स, पुश नोटिफिकेशन, संदेश और टेली कॉल्स के जरिए दोबारा गेम खेलने के लिए लुभाया गया। जांच के मुताबिक, इस अपराध से अर्जित आय को बाद में शेयरधारकों को डिविडेंड और शेयर बाय बैक के जरिए लेयरिंग और इंटीग्रेशन के माध्यम से खपाया गया।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!