|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

राम मंदिर ट्रस्ट सीईओ चयन: इंटरव्यू का दौर शुरू, जानिए होंगी क्या-क्या जिम्मेदारियां

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ पद के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ट्रस्ट की ओर से इस पद के लिए देशभर से आवेदन मांगे गए थे, जिसके बाद कुल 5300 आवेदन प्

NRI Post Hindi Desk · 104 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
राम मंदिर ट्रस्ट सीईओ चयन: इंटरव्यू का दौर शुरू, जानिए होंगी क्या-क्या जिम्मेदारियां
📷 NRI Post Hindi Desk

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी सीईओ पद के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ट्रस्ट की ओर से इस पद के लिए देशभर से आवेदन मांगे गए थे, जिसके बाद कुल 5300 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद मात्र 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया गया है, और इन्हीं उम्मीदवारों के साक्षात्कार इस समय जारी हैं। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही अंतिम नाम की घोषणा की जाएगी, जो ट्रस्ट के भविष्य के संचालन की दिशा तय करेगा। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, चयनित सीईओ का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा, लेकिन यदि उनका कार्य संतोषजनक रहा, तो उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं, इस पद के लिए वेतन का निर्धारण आपसी सहमति और बातचीत के आधार पर किया जाएगा। इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक होना अनिवार्य है, साथ ही उनकी आयु 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इतना ही नहीं, इस पद के लिए आवेदक के पास किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, विभाग या कंपनी में प्रबंधकीय दायित्व निभाने का कम से कम 20 वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है। नोटिस में विशेष रूप से यह भी कहा गया है कि मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी, और उम्मीदवार का सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य शर्त है। ट्रस्ट में सीईओ की भूमिका को लेकर आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके तहत मुख्य कार्यकारी अधिकारी को संस्था के कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों की पूरी जिम्मेदारी संभालनी होगी। सीईओ को संस्था के कार्य करने के तरीके और नियम-कायदों को निर्धारित करना होगा तथा उन्हें बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना होंगे। उसे संस्था के उद्देश्यों के अनुरूप पूरे संगठन का ढांचा तैयार करना और उसका कुशल संचालन सुनिश्चित करना होगा। सीईओ की प्रमुख जिम्मेदारी संस्था के अधिकारियों, सेवकों और कर्मचारियों के कार्यों की निगरानी करना तथा उनके प्रमुख अधिकारी के रूप में कार्य करना होगा। उसे मंदिर और संस्था के मौजूदा कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के साथ-साथ भविष्य में होने वाले विकास की योजना भी बनानी होगी। इसके अतिरिक्त, कानून, सरकारी नियमों और ट्रस्ट डीड में दी गई शर्तों का पालन सुनिश्चित करना, संस्था के धन, खातों और वित्तीय रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनाए रखना तथा कार्य में दक्षता लाना भी उनके दायित्वों में शामिल है। मंदिर और संस्था की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना तथा आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय, राज्य और केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित करना भी सीईओ का कर्तव्य होगा। मंदिर में होने वाली पूजा-पाठ, धार्मिक उत्सवों और अन्य आयोजनों को नियमित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं और उनकी संतुष्टि का ध्यान रखना भी सीईओ की प्राथमिकता होगी। सीईओ को समय-समय पर आने वाले विशिष्ट अतिथियों और प्रमुख संतों के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। राम मंदिर और संस्था की प्रतिष्ठा बढ़ाने तथा सनातन परंपराओं के संरक्षण में योगदान देना भी उनके प्रमुख कर्तव्यों में गिना जाएगा। साथ ही, संस्था की संपत्तियों की सुरक्षा, उनका नियमानुसार उपयोग और निवेश करना, ट्रस्ट डीड में तय उद्देश्यों की पूर्ति के लिए योजनाएं बनाना और उन्हें ट्रस्टी मंडल और महामंत्री के निर्देशन में प्रभावी रूप से लागू करना होगा। इसके अलावा, न्यास और महामंत्री के निर्देश पर समय-समय पर सौंपे गए अन्य कार्यों को भी पूरा करना सीईओ की जिम्मेदारी होगी।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!