भारतीय रेलवे ने निर्माण परियोजनाओं में अधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। नई नीति के तहत अब केंद्रीय चयन बोर्ड यानी सीएसबी द्वारा अधिकारियों का चयन अनिवार्य कर दिया गया है, जो पहले केवल वरिष्ठता के आधार पर होता था। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य निर्माण परियोजनाओं के लिए ऐसे अधिकारियों का चयन करना है जिनके पास तकनीकी क्षमता, गहन अनुभव और परियोजना प्रबंधन की उत्कृष्ट समझ हो। इस चयन प्रक्रिया में अधिकारी की उपयुक्तता को सबसे महत्वपूर्ण आधार माना जाएगा, न कि केवल उसकी सेवा अवधि को, जिससे योग्य और सक्षम अधिकारियों को निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी जा सके। नई नीति के अनुसार, निर्माण संगठन में सेवा देने के इच्छुक अधिकारियों को एक समर्पित पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। इस प्रक्रिया में नई रेल लाइनों, पुलों, सुरंगों, तेज गति वाले रेल मार्गों, विद्युतीकरण, सिग्नलिंग और आधुनिक सुरक्षा प्रणालियों जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। केवल पारंपरिक रेलवे निर्माण का अनुभव होना अब पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी जरूरी होगी। चयनित अधिकारियों के लिए दो से तीन सप्ताह का अनिवार्य प्रशिक्षण भी रखा गया है, जिसमें परियोजना प्रबंधन, सूचना प्रौद्योगिकी, अर्थवर्क, संरचनाएं, पुल, सुरंग, विद्युत एवं सिग्नल प्रणाली, कवच, भूमि अधिग्रहण, बीआइएम, डिजिटल ट्विन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। केंद्रीय चयन बोर्ड में एएम, पीईडी या ईडी स्तर के दो अधिकारी शामिल होंगे, जो उम्मीदवारों के दस्तावेजों और सेवा रिकॉर्ड के साथ-साथ व्यक्तिगत बातचीत से उनकी तकनीकी समझ, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी संभालने की क्षमता का आकलन करेंगे। नई नीति में निर्माण संगठन में दोबारा तैनाती के लिए दो वर्ष का अनिवार्य अंतराल रखा गया है, ताकि अधिकारियों को विविध अनुभव मिल सके और संगठनात्मक पारदर्शिता बनी रहे। निर्माण संगठन में सामान्य कार्यकाल पांच वर्ष का होगा, जिसे विशेष परिस्थितियों में सात वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। इस दौरान अधिकारियों को हर माह प्रमुख कार्य परिणाम क्षेत्र तैयार करने होंगे और हर तीन माह में उनके प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जाएगी, जिससे परियोजना की प्रगति और अधिकारियों के प्रदर्शन को सीधे तौर पर जोड़ा जा सके। इस पूरी व्यवस्था का मकसद बड़ी निर्माण परियोजनाओं में समय, लागत और गुणवत्ता के मानकों को बनाए रखना है, साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि जिम्मेदारी सिर्फ अनुभवी और सक्षम अधिकारियों के हाथों में ही रहे।
रेलवे निर्माण विंग में अब सिर्फ वरिष्ठता से नहीं होगी पोस्टिंग, सीएसबी चयन और प्रशिक्षण अनिवार्य
भारतीय रेलवे ने निर्माण परियोजनाओं में अधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। नई नीति के तहत अब केंद्रीय चयन बोर्ड यानी सीएसबी द्वारा अधिकारियों का चयन अनिवार्य कर दिया गया है, जो प
NRI Post Hindi Desk · 105 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




