रेलवे बोर्ड ने ट्रेन मैनेजरों यानी गार्डों के रिफ्रेशर प्रशिक्षण के मूल्यांकन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। काकोदकर समिति की सिफारिशों के आधार पर अब कोर्स के बाद पारंपरिक पास या फेल सिस्टम को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। इसकी जगह अब अंकों के आधार पर पारदर्शी ग्रेडिंग प्रणाली लागू की गई है। रेलवे बोर्ड की उपनिदेशक अवस्थापना एवं प्रशिक्षण नीलम शर्मा की ओर से 13 अक्टूबर को जारी आदेश तत्काल प्रभाव से सभी रेलवे जोन में लागू होगा। जारी आदेश के मुताबिक, नई मूल्यांकन प्रणाली के तहत ट्रेन मैनेजरों को उनके प्रदर्शन के आधार पर तीन श्रेणियों में रखा जाएगा। 80 या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वालों को ग्रेड ए, 60 से 80 अंक से कम प्राप्त करने वालों को ग्रेड बी और 60 अंक से कम प्राप्त करने वालों को ग्रेड सी दिया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशिक्षण में सुधार, कमियों की पहचान और रेल परिचालन में सुरक्षा मजबूत करना है। रेलवे बोर्ड ने निर्देश दिया है कि ग्रेड बी प्राप्त करने वाले ट्रेन मैनेजरों को लॉबी प्रभारी, स्टेशन प्रबंधक अथवा संबंधित पर्यवेक्षक नियमित रूप से परामर्श देंगे। इस काउंसलिंग का रिकॉर्ड लॉबी स्तर पर रखा जाएगा तथा इसकी समेकित रिपोर्ट समय-समय पर मंडल कार्यालय को भेजी जाएगी। वहीं, ग्रेड सी प्राप्त करने वाले ट्रेन मैनेजरों को विशेष निगरानी में रखा जाएगा। उनके लिए मंडल स्तर पर व्यवस्थित काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा सेमिनारों, सुरक्षा अभियानों और अन्य परामर्श कार्यक्रमों में उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षा संबंधी दक्षता में सुधार किया जा सके। प्रत्येक ट्रेन मैनेजर के लगातार पांच मूल्यांकनों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और हर मूल्यांकन की पुष्टि कर्मचारी से कराई जाएगी। रिकॉर्ड और योग्यता प्रमाणपत्र अगले रिफ्रेशर कोर्स के समय प्रशिक्षण केंद्र भेजे जाएंगे। ग्रेडिंग अगले रिफ्रेशर कोर्स तक मान्य रहेगी। यह बदलाव रेलवे में सुरक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन मैनेजरों के रिफ्रेशर कोर्स में किया बदलाव, अब पास-फेल की जगह मिलेगी ग्रेडिंग
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन मैनेजरों यानी गार्डों के रिफ्रेशर प्रशिक्षण के मूल्यांकन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। काकोदकर समिति की सिफारिशों के आधार पर अब कोर्स के बाद पारंपरिक पास या फेल सिस्टम को पू
NRI Post Hindi Desk · 39 दिन पहले · अपडेट 37 दिन पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





