अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद का प्रभार संभालने के बाद से ही सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र राम मंदिर की व्यवस्थाओं में लगातार परिवर्तन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अब राम मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले सभी कर्मियों के लिए रजिस्टर में इंट्री अनिवार्य कर दी है। अब कर्मचारियों को केवल आईकार्ड दिखाने से यात्री सुविधा केंद्र परिसर में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है, बल्कि उन्हें दो स्थानों पर रजिस्टर में अपना नाम, मोबाइल नंबर, आगमन का उद्देश्य, समय और कर्मी का दायित्व आदि प्रमुख तथ्यों का अंकन कराना पड़ता है। गणना कक्ष की ओर तो अनधिकृत किसी भी ट्रस्ट कर्मी का प्रवेश पूर्णत: वर्जित कर दिया गया है। यह सख्ती चढ़ावा चोरी उजागर होने के बाद हुए बदलावों के अंतर्गत की गई है, जिसके तहत ट्रस्ट ने पहली बार मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, वित्तीय प्रबंधन, श्रद्धालु सुविधाओं व दैनिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए सीईओ की नियुक्ति की है। कार्यभार संभालने के बाद सीईओ जितेंद्र मिश्र अब 21 सितंबर से नियमित रूप से अपने यात्री सुविधा केंद्र स्थित कार्यालय में बैठ रहे हैं और वहीं से परिसर की कड़ी निगरानी कर रहे हैं। ट्रस्ट ने सीईओ का कार्यालय वहीं आवंटित किया है, जहां चढ़ावे की गणना का महत्वपूर्ण कार्य होता है। सीईओ ने दो-तीन बार कर्मियों के साथ बैठकें करके उन्हें सख्त हिदायत भी दे चुके हैं और परिसर में कुछ भी अव्यवहारिक दिखने पर वह तत्काल संबंधित कर्मी को अपने कार्यालय में बुला कर कड़ा निर्देश भी देते हैं। सीईओ की सख्ती से अब कोई भी कर्मी अपना मोबाइल साथ में नहीं ले जा पा रहा है, हालांकि प्रभारियों को इसकी छूट दी गई है। पीएफसी कार्यालय में सीईओ के कार्यालय में कोई भी कर्मी बिना रजिस्टर में अंकन के नहीं जा पाता है, इसके पहले पीएफसी में प्रवेश द्वार पर भी रजिस्टर रखा है और कर्मी तैनात हैं। इसके अलावा सीईओ ने ट्रस्ट के उन कर्मियों पर भी सख्ती शुरू की है, जो रामजन्मभूमि परिसर में मोबाइल के साथ प्रवेश करके रील बनाते हैं। सूत्रों का कहना है कि दो दिन पहले सीईओ ने उनके इंस्टाग्राम व यू-ट्यूब अकाउंट पर रील देख कर उन्हें बुलाया और सख्त हिदायत दी। अब उनकी नजर रामलला के उन अर्चकों पर भी है, जो रामलला के गर्भगृह की भी रील बना कर पोस्ट करते हैं। इस तरह सीईओ जितेंद्र मिश्र की सख्ती से राम मंदिर परिसर में कर्मचारियों की आवाजाही और गतिविधियों पर कड़ा पहरा बना हुआ है।
राम मंदिर में एंट्री के नियमों में बड़ा बदलाव, सीईओ जितेंद्र मिश्र ने कर्मचारियों पर लगाई सख्ती
अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद का प्रभार संभालने के बाद से ही सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र राम मंदिर की व्यवस्थाओं में लगातार परिवर्तन क
NRI Post Hindi Desk · 38 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


