बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर (इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर) में सावन के तीसरे सोमवार को भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। यह दर्दनाक हादसा सुबह लगभग 6:40 से 6:45 के बीच तब हुआ जब मंदिर परिसर में बिजली के तार गिरने की अफवाह फैल गई। इस दौरान जलाभिषेक के लिए पहुंचे श्रद्धालु घबराकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई और कई महिलाएं भीड़ में दब गईं। इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाओं की पहचान 55 वर्षीय हेमलता, ललिता देवी (निवासी हलसी), 50 वर्षीय रिंकू देवी (निवासी मुंगेर) और 44 वर्षीय मनमाला देवी (निवासी बड़हिया) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सावन का तीसरा सोमवार होने के कारण प्रशासन ने मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रित करने की पूरी व्यवस्था की थी और टीम तड़के 3:30 बजे से ही घटनास्थल पर मौजूद थी। लेकिन दो ट्रेनों के रुकने से अचानक मंदिर परिसर में अत्यधिक भीड़ जमा हो गई। डीएम ने बताया कि बढ़ती भीड़ के दबाव से एक तरफ (खेत की तरफ) लगी बैरिकेडिंग टूट गई, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और भगदड़ मच गई। इस हादसे में मोकामा से पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि प्रवेश द्वार पर बांस की बैरिकेडिंग लगी थी, जहां लगभग 100 लोग बाहर से जबरदस्ती घुसने की कोशिश कर रहे थे। धक्का-मुक्की के कारण बांस टूट गए और ढलान वाले स्थान पर लोग गिर गए। उनका कहना है कि उस दौरान वहां कोई प्रशासन या देखभाल करने वाला मौजूद नहीं था। इस भगदड़ में उनकी पत्नी भीड़ में दब गईं और उनकी एक बेटी अभी भी लापता है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायलों के त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। बता दें कि वर्ष 1977 में स्थापित यह मंदिर देश के सबसे विशाल काले पत्थर के शिवलिंगों में से एक के लिए प्रसिद्ध है, जहां सावन मास में लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।
लखीसराय अशोकधाम मंदिर में भगदड़: सावन सोमवार की भीड़ में 7 श्रद्धालुओं की मौत, 12 घायल
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर (इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर) में सावन के तीसरे सोमवार को भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। यह दर्दनाक हादसा सुबह लगभग 6:40 से 6:45 के बीच तब हुआ जब मंदि
NRI Post Hindi Desk · 99 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




