लद्दाख में देश की पहली हाई-एल्टीट्यूड स्नो लेपर्ड वाइल्डलाइफ सफारी शुरू हो गई है, जिससे देश-विदेश के पर्यटक अब हिम तेंदुओं, हिमालयी भूरे भालू, भेड़ियों व अन्य वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में बेहद करीब से देख सकेंगे। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बुधवार को लेह में इस वाइल्डलाइफ सफारी का औपचारिक शुभारंभ किया। पहले चरण में इस सफारी का संचालन रुमबक, शांग व उले क्षेत्रों में किया जाएगा, जिसके बाद आने वाले समय में इसका विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा। सफारी के दौरान प्रशिक्षित स्थानीय चालक व वन्यजीव गाइड छह ओपन-बैक वाहनों में पर्यटकों को सुरक्षित ढंग से दूरदराज के इलाकों में ले जाएंगे, जिससे पर्यटकों को वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक वास में निहारने का दुर्लभ अवसर मिलेगा। गौरतलब है कि लद्दाख 477 हिम तेंदुओं का घर है और देशभर में हिम तेंदुओं की संख्या 718 के करीब है। हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक लद्दाख में हिम तेंदुओं को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के लिए आते हैं। उपराज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि लद्दाख में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं होनी चाहिए, बल्कि स्थानीय समुदायों को भी इसका सक्रिय भागीदार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण व स्थानीय लोगों की आजीविका के बीच संतुलन कायम करना जरूरी है, ताकि स्थानीय गाइड को स्नो लेपर्ड साइटिंग से आय हो और महिलाओं को संरक्षण आधारित हस्तशिल्प से लाभ मिल सके। इस पहल के तहत 20 स्थानीय युवाओं को पक्षियों की पहचान, बर्डवाचिंग और स्पॉटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें दूरबीन भी उपलब्ध कराई जाएगी और प्रमुख पक्षी-दर्शन स्थलों पर बर्ड-वाचिंग हाइड विकसित किए जाएंगे। इससे युवाओं के लिए वन्यजीव गाइड, बर्ड गाइड व नेचर इंटरप्रेटर के रूप में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा वाइल्ड एनिमल फेल्टिंग कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया, जिसमें तुरतुक, फोटोक्सार, सांग्रह, चुशुल व शरगोल की 50 महिलाएं शामिल हैं। इस पहल के माध्यम से पारंपरिक कौशल व स्थानीय ऊन को संरक्षण आधारित उद्यमों से जोड़ा जा रहा है। उपराज्यपाल प्रशासन ने गत पांच अगस्त को सफारी शुरू करने की घोषणा की थी। लद्दाख में वन्यजीवों व जैव विविधता की समृद्धता को देखते हुए यह सफारी विशेष महत्व रखती है। यहां 340 से अधिक पक्षी प्रजातियां व करीब 1,800 संवहनी पौधों की प्रजातियां पाई जाती हैं। आने वाले समय में सफारी के लिए अतिरिक्त मार्गों की पहचान की जा रही है, जिनमें हेमिस नेशनल पार्क, चांगथांग, काराकोरम वाइल्डलाइफ सेंक्चुरी, नुब्रा, जांस्कर, शाम, कारगिल व द्रास के क्षेत्र शामिल हैं, जहां जल्द ही सफारी शुरू करने की योजना है। इसके साथ ही उपराज्यपाल ने लद्दाख में मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित मानव-वन्यजीव संघर्ष निवारण उपकरण का भी उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य मानव व वन्यजीवों के बीच बेहतर सह-अस्तित्व स्थापित करना तथा संघर्ष की घटनाओं को कम करने में मदद करना है। इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ वन्यजीव पर्यटन को जिम्मेदार, नियंत्रित और संरक्षण के अनुकूल बनाया जा सकेगा।
लद्दाख में शुरू हुई देश की पहली स्नो लेपर्ड सफारी, अब दूरबीन नहीं सामने से देखेंगे हिम तेंदुए
लद्दाख में देश की पहली हाई-एल्टीट्यूड स्नो लेपर्ड वाइल्डलाइफ सफारी शुरू हो गई है, जिससे देश-विदेश के पर्यटक अब हिम तेंदुओं, हिमालयी भूरे भालू, भेड़ियों व अन्य वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में बेहद
NRI Post Hindi Desk · 47 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


