|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

लाल सागर पर ईरान का शिकंजा, पेरिम द्वीप पर हूती का कब्जा; अरामको की तेल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त

यमन में बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के निकट स्थित पेरिम द्वीप पर ईरान समर्थित हूती लड़ाकों ने कब्जा कर लिया है, जिसके बाद वे अब विश्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शुमार बाब-अल-मंदेब से होने वाले

NRI Post Hindi Desk · 74 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
लाल सागर पर ईरान का शिकंजा, पेरिम द्वीप पर हूती का कब्जा; अरामको की तेल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
📷 NRI Post Hindi Desk

यमन में बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के निकट स्थित पेरिम द्वीप पर ईरान समर्थित हूती लड़ाकों ने कब्जा कर लिया है, जिसके बाद वे अब विश्व के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शुमार बाब-अल-मंदेब से होने वाले जहाजी आवागमन को कभी भी बाधित कर सकने की स्थिति में पहुंच गए हैं। यह घटनाक्रम सऊदी अरब के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, जबकि ईरान ने इस कब्जे के लिए हूती लड़ाकों की तारीफ की है। लाल सागर से गुजरने पर लगी रोक के चलते विश्व के सबसे बड़े तेल निर्यातक सऊदी अरब की आपूर्ति घटकर बीते तीस वर्षों के सबसे निचले स्तर पर आ गई है। इस बीच ईरान ने सऊदी अरब और हूती के बीच वार्ता पर जोर देते हुए कहा है कि सऊदी अरब के निर्यात के लिए लाल सागर का जलमार्ग खुलना चाहिए। पेरिम द्वीप पर हूती के कब्जे से अमेरिका के साथ चल रहे युद्ध में ईरान का पलड़ा थोड़ा भारी हो गया है। अमेरिका से युद्ध के बीच तेल और गैस आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का आवागमन बाधित करने के बाद ईरान ने चेतावनी दी थी कि वह बाब-अल-मंदेब से भी आवागमन बाधित कर सकता है, और अब वह उस स्थिति के करीब पहुंच चुका है। ईरान द्वारा समर्थित शिया संगठन हूती के लड़ाकों ने यमन की सरकारी सेना से बीते दो दिनों में लाल सागर के कई अहम रणनीतिक ठिकाने छीन लिए हैं। इसी क्रम में तटवर्ती शहर धुबाब पर भी हूती का कब्जा हो गया है। इससे पहले गुरुवार को हूती ने महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर मोचा पर कब्जा किया था, जिसके बाद शुक्रवार को सऊदी अरब के लड़ाकू विमानों ने मोचा शहर के एयरपोर्ट पर बमबारी की। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सऊदी अरब समर्थित सुरक्षा बलों के साथ छिड़ी हूती की लड़ाई में सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट आयल पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है, और उसके ऊपर घना काला धुआं उठता देखा जा रहा है। इस पाइपलाइन से आपूर्ति होने वाला तेल होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिये निर्यात किया जाता है, और विश्व की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको इसी पाइपलाइन से अपने तेल का निर्यात करती है। शुक्रवार देर रात सऊदी अरब के सरकारी मीडिया ने इस पाइपलाइन से अस्थायी रूप से तेल आपूर्ति बंद किए जाने की जानकारी दी। अगस्त के अंतिम दिनों में सऊदी अरब के साथ टकराव की स्थिति पैदा होने के बाद हूती ने लाल सागर को सऊदी अरब के जहाजों के लिए बंद कर दिया था, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य में आवागमन की मुश्किल झेल रहे सऊदी अरब के लिए तेल निर्यात में रुकावट और बढ़ गई है। ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते सऊदी अरब का तेल निर्यात साठ लाख बैरल प्रतिदिन से घटकर तेईस लाख बैरल प्रतिदिन पर आ गया है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर होर्मुज और बाब-अल-मंदेब, दोनों समुद्री मार्ग बाधित हो जाते हैं, तो विश्व में तेल आपूर्ति की स्थिति बिगड़ सकती है और उथल-पुथल मच सकती है। हूती की बढ़ती आक्रामकता और उसके बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य के नजदीक पहुंचने से चिंतित सऊदी अरब के युवराज मुहम्मद बिन सलमान ने फोन पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात कर सैन्य सहायता मांगी है। बताया जाता है कि गुरुवार को युवराज की ट्रंप से दो बार बात हुई। ट्रंप ने फिलहाल क्षेत्र में सैन्य हस्तक्षेप से इनकार किया है, लेकिन सऊदी अरब को खुफिया सूचनाएं देने के लिए अमेरिका तैयार हो गया है। सूत्रों के अनुसार ईरान युद्ध में फंसे होने के कारण ट्रंप पश्चिम एशिया की स्थिति को जटिल नहीं बनाना चाहते हैं, हालांकि अगर लाल सागर में आवागमन में बाधा आती है तो अमेरिका हूती के खिलाफ कार्रवाई पर विचार कर सकता है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!