मॉनसून सत्र के समापन के अवसर पर गुरुवार को लोकसभा के इतिहास में पहली बार पूरा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सांसद सदन में उपस्थित थे। राष्ट्रगीत के सभी छह स्टैंजा बजाए जाने के बाद सदन की कार्यवाही को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया, लेकिन इस आयोजन को लेकर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के सांसदों के अलग-अलग बयानों ने इस मुद्दे को और गर्मा दिया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पूरे वंदे मातरम् गायन का समर्थन करते हुए कहा कि संसद में गाए गए इस राष्ट्रगीत का दृश्य देश के हर नागरिक के मोबाइल तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दौर में कांग्रेस के शासनकाल में इस गीत को केवल पहले स्टैंजे तक सीमित कर दिया गया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। तिवारी ने कहा कि जब सभी लोग एक साथ 'तुम विद्या, तुम धर्म' और 'सुष्मित भूषित कमलाम अमलाम' जैसे शब्दों का उच्चारण करते हैं तो यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण होता है। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि वे राष्ट्रगीत के दौरान खड़े थे, जो अच्छी बात है, लेकिन शायद उन्हें पूरा गीत याद नहीं है, हालांकि धीरे-धीरे उन्हें भी याद हो जाएगा। इसके विपरीत, समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने पूरे राष्ट्रगीत के गायन पर सवाल उठाते हुए कटाक्ष किया कि जिन लोगों ने इस संबंध में कानून बनाया है, उन्हें भी पूरा वंदे मातरम् याद नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले जितना हिस्सा गाया जाता था, वह सभी को याद रहता था, लेकिन अब विस्तारित रूप को याद रखना कठिन है। राम गोपाल यादव ने यह भी बताया कि दुनिया के अधिकांश राष्ट्रगान एक मिनट के आसपास होते हैं, जबकि वंदे मातरम् के विस्तारित स्वरूप को गाने में अधिक समय लगता है और लंबे समय तक 'अटेंशन' की मुद्रा में खड़े रहना कई लोगों के लिए समस्या पैदा कर सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को सभी सांसदों और आम जनता के बीच वंदे मातरम् की प्रतियां वितरित करनी चाहिए ताकि लोग इसे याद कर सकें। इस दौरान सूत्रों के अनुसार, सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष की ओर से नारेबाजी का दौर चल रहा था, जिसके चलते लोकसभा अध्यक्ष ने अपना पारंपरिक संबोधन नहीं दिया। माहौल को देखते हुए सीधे वंदे मातरम् का गायन कराया गया और उसके बाद सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। गौरतलब है कि राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद वंदे मातरम् को कानूनी संरक्षण देने के प्रावधान लागू किए गए हैं, जिसके तहत इसे राष्ट्रगान के समान दर्जा दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जनवरी में जारी आदेश में आधिकारिक कार्यक्रमों में छह स्टैंजा के गायन के निर्देश दिए थे, जिसमें राष्ट्रपति के आगमन, तिरंगा फहराने और राज्यपालों के संबोधन जैसे अवसर शामिल हैं। इस नए नियम के तहत राष्ट्रगीत के गायन में जानबूझकर बाधा डालना दंडनीय अपराध बन गया है।
वंदे मातरम् के पूर्ण गायन पर संसद में घमासान, सपा का तीखा हमला- 'कानून बनाने वालों को भी नहीं आता याद'
मॉनसून सत्र के समापन के अवसर पर गुरुवार को लोकसभा के इतिहास में पहली बार पूरा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सां
NRI Post Hindi Desk · 103 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




