|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
पंजाब

व्यापम आरक्षक भर्ती परीक्षा में 13 साल बाद दो पर मामला दर्ज, सॉल्वर से दिलवाई थी परीक्षा

मध्य प्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) से जुड़े घपले वर्षों बाद भी सामने आ रहे हैं। वर्ष 2013 में आयोजित आरक्षक चयन परीक्षा में एक अभ्यर्थी ने अपनी जगह सॉल्वर से परीक्षा दिलवाई और चयनित भी ह

NRI Post Hindi Desk · 70 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
व्यापम आरक्षक भर्ती परीक्षा में 13 साल बाद दो पर मामला दर्ज, सॉल्वर से दिलवाई थी परीक्षा
📷 NRI Post Hindi Desk

मध्य प्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) से जुड़े घपले वर्षों बाद भी सामने आ रहे हैं। वर्ष 2013 में आयोजित आरक्षक चयन परीक्षा में एक अभ्यर्थी ने अपनी जगह सॉल्वर से परीक्षा दिलवाई और चयनित भी हो गया। इस मामले में अब 13 साल बाद जबलपुर जिले की माढ़ोताल थाना पुलिस ने सोमवार रात को संबंधित अभ्यर्थी और सॉल्वर के खिलाफ परीक्षा अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2013 में आयोजित आरक्षक चयन परीक्षा के लिए जबलपुर जिले के माढ़ोताल क्षेत्र स्थित एक निजी कालेज पर आरोपित अभ्यर्थी विवेक सिंह का केंद्र बनाया गया था। आरोप है कि विवेक ने अपनी जगह सॉल्वर को परीक्षा देने के लिए भेज दिया था। इस दौरान सॉल्वर के अंगूठे के निशान भी लिए गए थे। परीक्षा परिणाम में विवेक का चयन हो गया। हालांकि अभी सॉल्वर का नाम सामने नहीं आया है, इसलिए प्राथमिकी में वह अज्ञात है। माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि मामले की विवेचना में पता लगेगा कि सॉल्वर कौन था और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चयन प्रक्रिया के दौरान पुलिस मुख्यालय ने अभ्यर्थी विवेक के अंगूठे के निशान लिए, जो संदिग्ध पाए गए। इसके बाद उसे विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) की सागर स्थित 10वीं बटालियन में भेजा गया और अंगुलियों के निशान की जांच कराई गई। जांच में ओएमआर शीट पर मिले अंगूठे के निशान और विवेक के निशान का मिलान नहीं हो पाया, जिससे परीक्षा में सॉल्वर बैठाए जाने का फर्जीवाड़ा सामने आया था। एसएएफ की ओर से विधिक कार्रवाई के लिए जबलपुर पुलिस को रिपोर्ट भेजी गई थी, इस पर अब कार्रवाई की गई है। इस मामले में 13 साल बाद पुलिस कार्रवाई क्यों की गई, यह अहम प्रश्न है, लेकिन जवाब कोई नहीं दे रहा। माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि एसएएफ की ओर से मामले में कार्रवाई के लिए अब पत्र मिला है, इसलिए कार्रवाई की जा रही है। उनकी सत्यापन प्रक्रिया में इतना समय क्यों लगा, यह वह नहीं बता सकते। विवेचना में यह भी देखा जाएगा कि आरोपित अभ्यर्थी और सॉल्वर के बीच क्या साजिश थी और इसमें किसी अन्य की भूमिका है या नहीं। पुलिस का कहना है कि सॉल्वर की पहचान होते ही उसके खिलाफ भी ठोस कार्रवाई की जाएगी। यह मामला व्यापम परीक्षाओं की सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है, क्योंकि परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाला अभ्यर्थी चयनित हो गया और वर्षों तक किसी को भनक तक नहीं लगी।

🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!