|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

वाराणसी में चीनी के दाम गिरे, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, जानें थोक और फुटकर भाव का पूरा गणित

पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया था, लेकिन अब आम उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। शहर के फुटकर बाजार में चीनी के भाव मे

NRI Post Hindi Desk · 89 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
वाराणसी में चीनी के दाम गिरे, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, जानें थोक और फुटकर भाव का पूरा गणित
📷 NRI Post Hindi Desk

पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया था, लेकिन अब आम उपभोक्ताओं को थोड़ी राहत मिली है। शहर के फुटकर बाजार में चीनी के भाव में दो रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। एक सप्ताह पहले जहां चीनी 65 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं अब यह घटकर 63 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। इस गिरावट का असर चाय की अड़ियों पर भी देखने को मिला है, हालांकि कुछ जगहों पर चाय के दाम में एक रुपये का इजाफा हो गया है तो कुछ दुकानों पर कप का साइज छोटा कर दिया गया है। थोक मंडी में भी चीनी की कीमतों में कमी आई है, जिससे फुटकर बाजार में भी इसका असर साफ नजर आया। खोजवां बाजार के किराना दुकानदार सचिन ने बताया कि एक सप्ताह पहले चीनी का भाव बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो पहुंच गया था, लेकिन मंगलवार दोपहर बाद थोक मंडी में कीमत कम होने के बाद फुटकर भाव में भी गिरावट आई। थोक मंडी से मंगलवार को चीनी की आवक 6100 से 6200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुई, जबकि एक सप्ताह पहले यह कीमत 6400 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई थी। विश्वेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक कुमार गुप्ता ने बताया कि चीनी की थोक कीमत में 100 से 200 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट आई है। महाराष्ट्र में चीनी के भाव में करीब एक हजार रुपये प्रति क्विंटल की कमी आने से थोक बाजार में कीमतों में तेजी नहीं आई है। वहीं, एडीएम आपूर्ति अमित कुमार ने दो दिन पूर्व ही थोक चीनी विक्रेताओं के साथ बैठक कर कालाबाजारी व जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए प्रतिदिन स्टाक को पोर्टल पर अपडेट करने का आदेश दिया था। साथ ही व्यापारियों को प्रत्येक शुक्रवार को रिपोर्ट देनी थी, जिस पर व्यापारियों ने भी सहमति जताई थी। देश भर में चीनी का भाव स्वाद कसैला करने पर उतारू है, ऐसे में वाराणसी में कीमतों में आई इस गिरावट को उपभोक्ता सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, चाय की अड़ियों पर राष्ट्रीय पेय का स्वाद अभी भी बिगड़ा हुआ है, क्योंकि कुछ जगहों पर चुस्कियों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!