प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीवर लाइन को जाम कर शहर की गलियों में गंदा पानी भराने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। शिवाला, नगवा और सरायनंदन समेत करीब आधा दर्जन वार्डों की सीवर लाइनों के अंदर बालू से भरी बोरियां, पत्थर और लकड़ी का बुरादा मिलने से नगर निगम में हड़कंप मच गया है। दरअसल सीवर चोक होने की शिकायतों के बाद नगर निगम की टीम ने जब अलग-अलग इलाकों में सीवर लाइनों की सफाई शुरू की तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। सीवर लाइन में सामान्य कचरे के बजाय बड़ी मात्रा में बालू, पत्थर और लकड़ी का बुरादा मिला। शिवाला इलाके में सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू सीवर लाइन से निकाली गई। नगर निगम को आशंका है कि किसी ने जानबूझकर मुख्य सीवर लाइन में मलबा डाला, ताकि सीवर जाम हो जाए और गलियों में गंदा पानी ओवरफ्लो होने लगे। इससे न सिर्फ लोगों को परेशानी होती, बल्कि काशी की सफाई व्यवस्था और शहर की छवि पर भी असर पड़ता। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और यह प्राथमिकी सीसीटीवी जांचने के बाद दर्ज कराई गई है। अब पुलिस और नगर निगम की टीमें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और अधिकारियों को उम्मीद है कि कैमरों की रिकॉर्डिंग से सीवर में मलबा डालने वाले लोगों की पहचान हो सकती है। महापौर और नगर आयुक्त ने भी मौके पर पहुंचकर सीवर लाइन और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी मात्रा में बालू की बोरियां और अन्य मलबा सीवर के अंदर किसने डाला और इसके पीछे क्या मकसद था। नगर निगम इस मामले को काशी की छवि खराब करने की कथित कोशिश के एंगल से भी जांच रहा है, और फिलहाल सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
वाराणसी में सीवर लाइन में बालू की बोरियां मिलने से हड़कंप, साजिश की आशंका, सीसीटीवी से खुलेंगे राज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीवर लाइन को जाम कर शहर की गलियों में गंदा पानी भराने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। शिवाला, नगवा और सरायनंदन समेत करीब आधा दर्जन वार्डों
NRI Post Hindi Desk · 72 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।


