वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने भीषण तबाही मचाई हुई है। प्रखंड की 20 पंचायतों के 75 से अधिक गांव बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं, जिससे लगभग तीन लाख की आबादी गंभीर संकट से जूझ रही है। पिछले कई दिनों से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल है। बाढ़ के कारण कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल से लोगों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है, और प्रखंड की मुख्य सड़कों पर अब नावें चल रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग ने सभी गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी है, जिससे मोबाइल चार्जिंग तक मुश्किल हो गई है। कई स्थानों पर मोबाइल टावरों में पानी घुसने के कारण संचार व्यवस्था भी चरमरा गई है, जिससे लोग बाहरी दुनिया से कटने के कगार पर हैं। शिक्षा विभाग ने भी सभी विद्यालयों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई ठप हो गई है। घरों के अंदर और आसपास पानी घुसने से लोगों के घरों में रखा दैनिक उपयोग का खाद्य सामग्री खत्म होने के कगार पर है, जिससे खाद्य संकट गहराता जा रहा है। हाट-बाजार और सब्जी मंडी बंद होने से लोगों को राशन और दैनिक जरूरत का सामान भी नहीं मिल पा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोग केले के पेड़ के तने, ट्यूब और निजी नावों का सहारा लेकर आवागमन करने को मजबूर हैं, जबकि कई परिवार पानी में ही मचान और चौकी बनाकर जीवन बिताने को विवश हैं। किसान जान जोखिम में डालकर अपने पशुओं के लिए चारा इकट्ठा कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त नाव की व्यवस्था न होने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मवेशियों को चारा नहीं मिलने से दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ा है, और पशुपालक दूध को मजबूरी में सस्ते दाम पर बेचने को मजबूर हैं। रात के समय घरों में पानी भरे होने के कारण सांप-बिच्छू के डर से लोगों की नींद उड़ी हुई है। इस गंभीर हालात के बावजूद जिला और अंचल प्रशासन ने अब तक केवल नावों की व्यवस्था की है, जबकि सूखा राशन, पॉलीथिन शीट, इमरजेंसी दवाओं और पशुओं के चारे का वितरण नहीं किया गया है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक किचन शुरू करने, हर पंचायत में राहत शिविर लगाने और पशुओं के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की सख्त मांग की है। भारी संख्या में लोग अब भी अपने घरों में कैद हैं और भगवान भरोसे जीवन गुजार रहे हैं। प्रशासन के देर से पहुंचने वाले राहत कार्यों ने स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश पैदा कर दिया है।
वैशाली के राघोपुर में बाढ़ का कहर: 20 पंचायतों के 75 गांव जलमग्न, तीन लाख लोग मुसीबत में
वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने भीषण तबाही मचाई हुई है। प्रखंड की 20 पंचायतों के 75 से अधिक गांव बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं, जिससे लगभग तीन लाख की आबादी गंभीर संकट से
NRI Post Hindi Desk · 81 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





