|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

वोटों की गिनती पर सवालों के बीच चुनाव आयोग सख्त, अब पार्टियों को अनिवार्य रूप से लेना होगा फॉर्म-17 सी

नई दिल्ली। चुनाव नतीजों के बाद डाले गए और गिने गए वोटों को लेकर देशभर में जिस तरह से सवाल खड़े किए जा रहे हैं, उसे देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों को मुहैया कराए जाने वाले फॉर्म-17 सी की

NRI Post Hindi Desk · 10 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
वोटों की गिनती पर सवालों के बीच चुनाव आयोग सख्त, अब पार्टियों को अनिवार्य रूप से लेना होगा फॉर्म-17 सी
📷 NRI Post Hindi Desk

नई दिल्ली। चुनाव नतीजों के बाद डाले गए और गिने गए वोटों को लेकर देशभर में जिस तरह से सवाल खड़े किए जा रहे हैं, उसे देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग ने राजनीतिक दलों को मुहैया कराए जाने वाले फॉर्म-17 सी की व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने का संकेत दिया है। चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों की मानें तो अब राजनीतिक दलों को मतदान और मतगणना से जुड़ा यह फॉर्म अनिवार्य रूप से लेना ही होगा, और इसके बगैर वे न तो मतदान केंद्र छोड़ सकेंगे और न ही मतगणना काउंटर। सूत्रों के मुताबिक, राजनीतिक दलों के एजेंटों को यह फॉर्म देने की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी, ताकि वे बाद में इस मामले में मुकर न सकें और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। चुनाव आयोग ने यह पहल हाल ही में महाराष्ट्र, हरियाणा सहित कई राज्यों में नतीजों के बाद डाले गए और गिने गए वोटों में अंतर को लेकर खड़े किए गए सवालों के बाद शुरू की है, और माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सहित अगले साल की शुरुआत में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में इसे अमल में लाया जा सकता है। चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार मतदान और मतगणना के बाद इस समय भी बूथ पर मौजूद राजनीतिक दलों के एजेंटों को फॉर्म-17 सी देने की व्यवस्था है और यह फॉर्म दिया भी जाता है, लेकिन कई बूथों पर इसे हल्के में ले लिया जाता था। राजनीतिक दलों के एजेंट भी इसे हासिल करने में रुचि नहीं दिखाते थे और पीठाधीन अधिकारी भी इसे गंभीरता से नहीं लेते थे, जिसके चलते यह नई सख्ती बरती जा रही है। चुनाव के दौरान फॉर्म-17 सी राजनीतिक दलों के एजेंटों को दो जगहों पर दिया जाता है — पहली बार यह मतदान के बाद बूथ पर और दोबारा मतगणना के बाद दिया जाता है। फॉर्म-17 सी किसी भी मतदान केंद्र पर डाले गए वोटों का सबसे महत्वपूर्ण और वैधानिक लेखा-जोखा होता है, जिसके भाग-1 में मतदान से जुड़ी हर बारीक जानकारी दर्ज होती है, यानी बूथ पर कितने मतदाता हैं, कितने लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है, वास्तविक मतदान से पहले कितने मॉक पोल डाले गए हैं, इस्तेमाल की गई ईवीएम की पहचान संख्या और प्रत्येक मशीन में दर्ज कुल वोटों का पूरा ब्योरा इसमें शामिल होता है, जिसके आधार पर मतगणना के दौरान राजनीतिक दल इसका मिलान कर सकते हैं। मतगणना के बाद राजनीतिक दलों को फॉर्म-17 सी भाग-दो दिया जाता है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयोग फॉर्म-17 सी को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाएगा, जिससे वे अपने बूथ एजेंटों को प्रशिक्षित कर सकेंगे कि उन्हें यह फॉर्म लेकर ही बूथ छोड़ना है। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान प्रत्येक बूथ पर राजनीतिक दलों के एजेंट होते हैं और उनकी देखरेख में ही चुनावी प्रक्रिया संचालित होती है। मतदान प्रतिशत को लेकर खड़े किए जाने वाले सवालों से निपटने के लिए भी चुनाव आयोग ने पहले एक पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई थी, जिसमें प्रत्येक पीठाधीन अधिकारी को निर्देश दिया गया था कि वे बूथ छोड़ने से पहले हर हाल में मतदान के आंकड़ों को अपलोड करें। इसके चलते पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत की सारी जानकारी नौ बजे तक अपडेट हो गई थी और इसके बाद इनमें कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला था, जबकि इससे पहले मतदान प्रतिशत की जानकारी अगले दिन तक अपडेट होती थी, जिसके चलते मतदान वाले दिन और अगले दिन के आंकड़ों में दो से तीन प्रतिशत तक का अंतर पैदा हो जाता था।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!