बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने देश के दिग्गज क्रिकेटर रहे शाकिब अल हसन को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने साफ तौर पर कहा है कि शाकिब अल हसन एक 'घटिया इंसान' हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर शाकिब अल हसन देश लौटते हैं, तो उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी, लेकिन उन्हें अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना उचित कानूनी प्रक्रिया के जरिए करना होगा। यह बयान मंगलवार को सचिवालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दिया गया। बांग्लादेश के अखबार प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, जाहिद उर रहमान ने कहा कि वह भले ही एक अच्छे खिलाड़ी रहे हों, लेकिन उन्होंने शेख हसीना का साथ दिया और आज भी उनसे जुड़े हुए हैं, इसलिए वे एक खत्म इंसान हैं। गौरतलब है कि शाकिब अल हसन 2023 में आवामी लीग में शामिल हुए थे और 2024 में सांसद चुने गए थे। वे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अत्यंत करीबी सहयोगी बन गए थे और अक्सर उन्हें 'आपा' कहकर संबोधित करते थे। पिछले साल अगस्त में छात्र आंदोलन के बाद जब शेख हसीना की सरकार गिर गई, तब से शाकिब विदेश में हैं। उनके खिलाफ हत्या और भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज किए गए हैं। हाल ही में दिल्ली में रह रहीं शेख हसीना ने जब बांग्लादेश लौटने की घोषणा की, तो उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाकिब अल हसन भी मौजूद थे और उन्होंने हसीना के साथ एकजुटता जताई थी, जिसके बाद बांग्लादेश की मौजूदा सरकार और नाराज हो गई है। सूचना सलाहकार ने शेख हसीना का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वह दिसंबर में लौटती हैं तो उन्हें भी पूरी सुरक्षा दी जाएगी और उनके सभी अधिकारों का ध्यान रखते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस देश में फिर से हसीना जैसा माफिया शासन नहीं चलेगा और चाहे शाकिब हों या शेख हसीना, सबसे गंभीर अपराधों के आरोपियों के भी नागरिक और संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित किए जाएंगे। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार शाकिब से इसलिए नाराज है क्योंकि उन्होंने हसीना से दूरी नहीं बनाई है और पिछले साल उन्होंने हसीना को जन्मदिन की बधाई दी थी, जिसके बाद खेल सलाहकार ने कहा था कि वे फिर कभी बांग्लादेश की जर्सी नहीं पहनेंगे।
शाकिब हसन 'घटिया इंसान' तो, लेकिन लौटने पर मिलेगी सुरक्षा! जानिए क्यों उठ रहे सवाल
बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने देश के दिग्गज क्रिकेटर रहे शाकिब अल हसन को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रधानमंत्री के सूचना और प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने साफ तौर पर कहा है कि शाकिब अल हसन एक 'घटिया
NRI Post Hindi Desk · 105 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 खेल
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।



