जिला शिमला के संजौली में फोरलेन निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच वीरवार को शांति विहार स्थित सामुदायिक भवन में सांसद सुरेश कश्यप की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में संजौली के लोगों ने फोरलेन सुरंग निर्माण का कड़ा विरोध जताया और पुरानी एलाइनमेंट के आधार पर ही फोरलेन का निर्माण करने की मांग की। बैठक में उपस्थित एनएचएआई के अधिकारियों के समक्ष लोगों ने स्पष्ट कहा कि समिट्री के नीचे से सुरंग नहीं बनने देंगे। लोगों ने फोरलेन निर्माता कंपनी और एनएचएआई के खिलाफ अपना गुस्सा निकाला और पुराने सर्वे, वर्तमान एलाइनमेंट तथा निर्माण की तकनीकी प्रक्रिया की विस्तृत जांच की मांग की। क्षेत्र की भौगोलिक और भूगर्भीय संवेदनशीलता का मुद्दा उठाते हुए लोगों ने कहा कि बड़े स्तर की परियोजना पर आगे बढ़ने से पहले विस्तृत जियो-टेक्निकल और सुरक्षा मूल्यांकन बेहद आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि परियोजना शुरू करने से पहले प्रभावित क्षेत्र में व्यापक जनसुनवाई नहीं हुई और सभी हितधारकों तथा जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया। वर्तमान एवं पूर्व पार्षदों के साथ भी संवाद नहीं किया गया। लोगों ने चिंता जताई कि टनल निर्माण का असर बड़ी संख्या में आवासीय भवनों पर पड़ सकता है, क्योंकि क्षेत्र में ढलान अत्यधिक है और किसी एक भवन अथवा भू-भाग में अस्थिरता आने की स्थिति में आसपास के अन्य भवनों पर भी प्रभाव पड़ने का खतरा हो सकता है। शांति विहार में भवनों में दरारें आने की शिकायतें पहले भी सामने आई हैं। लोगों ने टनल और आवासीय भवनों के बीच दूरी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए, क्योंकि कुछ स्थानों पर टनल आवासीय भवनों के बेहद करीब से गुजर रही है, और इसकी स्वतंत्र तकनीकी जांच करवाने की मांग की। लक्ष्मीनारायण मंदिर सहित क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक महत्व वाले स्थानों की सुरक्षा का विषय भी उठाया गया और कहा गया कि लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़े स्थलों पर परियोजना के संभावित प्रभाव का भी आकलन किया जाना चाहिए। जिन भवनों और भूमि का अधिग्रहण किया गया है तथा जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उनके मामलों में पारदर्शिता और उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। गौरतलब है कि प्रशासन ने सितंबर में टनल निर्माण से संबंधित कार्य को रोकते हुए आइआइटी रुड़की के विशेषज्ञों से वैज्ञानिक एवं तकनीकी आकलन कराने का निर्णय लिया था, और तकनीकी रिपोर्ट के बाद ही सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर आगे काम बढ़ाया जाएगा। सांसद सुरेश कश्यप ने प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि वह मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन विकास से भी ज्यादा महत्वपूर्ण लोगों की जान और जिंदगी है। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर परियोजना निदेशक और शिमला के उपायुक्त से भी बात की गई है। क्षेत्र का जायजा लेने के बाद उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों में जो डर और आशंका है, उसे गंभीरता से लेने की आवश्यकता है और यह सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए कि आने वाले समय में संजौली में किसी प्रकार की त्रासदी की स्थिति पैदा न हो।
शिमला: समिट्री के नीचे सुरंग नहीं बनने देंगे, पुरानी एलाइनमेंट पर काम करे एनएचएआई
जिला शिमला के संजौली में फोरलेन निर्माण को लेकर चल रहे विवाद के बीच वीरवार को शांति विहार स्थित सामुदायिक भवन में सांसद सुरेश कश्यप की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में संजौली के लोगों न
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




