पितृपक्ष चल रहा है और पितृ पूजन की यह पवित्र अवधि 10 अक्टूबर तक रहेगी। इन दिनों में पितरों का श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करने की परंपरा है। श्राद्ध करने के बाद ब्राह्मण को भोजन कराने की परंपरा है। इसके अलावा गाय, कौवा, चींटी और कुत्ते आदि को भी खाना दिया जाता है। श्राद्ध में बना प्रसाद घर के सदस्यों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों या घर की दहलीज पर आए संन्यासी को खिलाया जा सकता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि श्राद्ध में बना भोजन किन लोगों को नहीं खिलाना चाहिए? मार्कण्डेय पुराण के अनुसार, श्राद्ध के लिए बना भोजन अपात्र लोगों को कभी नहीं देना चाहिए। यानी छल-कपट करने वाले, चोरी करने वाले और अपने स्वार्थ के लिए दूसरों को ठेस पहुंचाने वालों को कभी श्राद्ध का भोजन नहीं देना चाहिए। इसके अलावा, जो लोग माता-पिता और गुरुओं का अनादर करें या बुजुर्गजनों का सम्मान न करें, वे भी श्राद्ध में बने भोजन के लिए अपात्र माने जाते हैं। ग्रंथों में श्राद्ध के भोजन के लिए पात्र लोगों के बारे में भी बताया गया है। जो लोग श्राद्ध का भोजन खाने में संकोच न करें, उन्हें कभी इससे वंचित न रखें। इसके अलावा, बिना बुलाए घर आने वाले साधु-संत, तपस्वी और अतिथि को भी श्राद्ध के लिए बना हुआ भोजन जरूर देना चाहिए। गरीबों, जरूरतमंदों और भूखे लोगों को भी श्राद्ध का भोजन खिलाने से बड़ा पुण्य मिलता है। इसलिए इसे कभी ब्राह्मण या पुजारियों तक सीमित नहीं रखना चाहिए। श्राद्ध के भोजन में केवल भोजन करने वाले व्यक्ति की पात्रता ही महत्वपूर्ण नहीं मानी जाती है, बल्कि भोजन किस तरह बनाया गया है, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाता है। भोजन में शुद्ध जल, श्रेष्ठ सामग्री और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था रखनी चाहिए। साथ ही, इसमें तामसिक चीजों का प्रयोग बिल्कुल नहीं करना चाहिए। श्राद्ध के खाने में लहसुन, प्याज और हींग का प्रयोग तो बिल्कुल भी न करें। पितृपक्ष का कैलेंडर इस प्रकार है: पूर्णिमा श्राद्ध 26 सितंबर 2026, प्रतिपदा तिथि श्राद्ध 27 सितंबर 2026, द्वितीया श्राद्ध 28 सितंबर 2026, तृतीया श्राद्ध 29 सितंबर 2026, चतुर्थी और पंचमी तिथि का श्राद्ध 30 सितंबर 2026, षष्ठी तिथि का श्राद्ध 1 अक्टूबर 2026, सप्तमी तिथि का श्राद्ध 2 अक्टूबर 2026, अष्टमी तिथि का श्राद्ध 3 अक्टूबर 2026, नवमी तिथि का श्राद्ध 4 अक्टूबर 2026, दशमी तिथि का श्राद्ध 5 अक्टूबर 2026, एकादशी तिथि का श्राद्ध 6 अक्टूबर 2026, द्वादशी तिथि का श्राद्ध 7 अक्टूबर 2026, मघा तिथि का श्राद्ध 7 अक्टूबर 2026, त्रयोदशी तिथि का श्राद्ध 8 अक्टूबर 2026, चतुर्दशी तिथि का श्राद्ध 9 अक्टूबर 2026 और सर्वपितृ अमावस्या 10 अक्टूबर 2026 को है।
श्राद्ध का भोजन किन्हें नहीं देना चाहिए? जानें पात्र और अपात्र का नियम, रुक सकती है पितरों की कृपा
पितृपक्ष चल रहा है और पितृ पूजन की यह पवित्र अवधि 10 अक्टूबर तक रहेगी। इन दिनों में पितरों का श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करने की परंपरा है। श्राद्ध करने के बाद ब्राह्मण को भोजन कराने की परंपरा है। इसके
NRI Post Hindi Desk · 54 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




