|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव का एक्शन, 4 अधिकारी निलंबित और अटैच, 11 मौतों की पुष्टि की ओर बढ़ता आंकड़ा

मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पूरे प्रकरण को बेहद संवेदनशील बताते हुए तुरंत

NRI Post Hindi Desk · 79 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 3 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव का एक्शन, 4 अधिकारी निलंबित और अटैच, 11 मौतों की पुष्टि की ओर बढ़ता आंकड़ा
📷 NRI Post Hindi Desk

मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस पूरे प्रकरण को बेहद संवेदनशील बताते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। रविवार सुबह ही मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया था कि इस घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अब उन्हीं के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं। इस कार्रवाई के तहत तीन आबकारी विभाग के अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी को जिले से हटाकर मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। यह घटना बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में सामने आई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन स्थानीय भाजपा विधायक वीरेंद्र लोधी ने मृतकों की संख्या 11 बताई है, जबकि कई अन्य लोगों के बीमार होने की सूचना है। सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की आबकारी उप-निरीक्षक प्रोशनी उरेती को सस्पेंड किया गया है। वहीं, इसी मामले में उपायुक्त और संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच के साथ-साथ पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने और बीमार लोगों के लिए समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली प्रवास के दौरान जैसे ही उन्हें यह जानकारी मिली, उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तुरंत मामले की जांच के आदेश दे दिए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारियों का दल प्रभावित इलाकों में पहुंचा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में लगातार स्क्रीनिंग करानी शुरू कर दी है ताकि शराब पीने के बाद बीमार हुए लोगों की पहचान कर उन्हें समय पर इलाज मिल सके। शुरुआती जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि संदिग्ध जहरीली शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से हुई थी और इस काम में एक गिरोह शामिल हो सकता है। चूंकि सागर का यह इलाका उत्तर प्रदेश की सीमा के काफी करीब है, इसलिए इस एंगल से भी जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाके की सात शराब दुकानों को सील कर दिया है और शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका के बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन ने हाल के दिनों में शराब पीने वाले लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हों तो वे तुरंत नजदीकी अस्पताल में जाकर अपनी जांच कराएं। इस बीच, घटना के विरोध में लोगों ने एक मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम भी किया, जिसके बाद बंडा इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!