|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
कारोबार

स्टारलिंक को रोके जाने के मस्क के आरोपों पर सरकार का करारा जवाब, कहा- नियम सबके लिए समान

भारत सरकार ने गुरुवार को अमेरिकी बिजनेसमैन एलॉन मस्क के उन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिनमें उन्होंने यह दावा किया था कि भारत में उनकी कंपनी स्टारलिंक की सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवा को जानब

NRI Post Hindi Desk · 47 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
स्टारलिंक को रोके जाने के मस्क के आरोपों पर सरकार का करारा जवाब, कहा- नियम सबके लिए समान
📷 NRI Post Hindi Desk

भारत सरकार ने गुरुवार को अमेरिकी बिजनेसमैन एलॉन मस्क के उन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिनमें उन्होंने यह दावा किया था कि भारत में उनकी कंपनी स्टारलिंक की सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवा को जानबूझकर रोका जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में सैटेलाइट सेवाओं समेत सभी टेलीकम्युनिकेशन सेवाओं के लिए एक समान और गैर-भेदभावपूर्ण नियम लागू हैं, और हर एक सैटकॉम लाइसेंस धारक को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है। टेलीकॉम मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि यह कहना कि नियामकीय व्यवस्था या उसे लागू करने की प्रक्रिया भेदभावपूर्ण है, यह आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है और गलत धारणा पर आधारित है। दरअसल, बुधवार को मस्क ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया था कि भारत में कुछ प्रभावशाली कारोबारी समूह अपनी एकाधिकार बनाए रखने के लिए उनकी कंपनी की सैटेलाइट सेवा को रोक रहे हैं। इसके बाद टेलीकॉम मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सर्कुलेट हो रहा है, जिसमें भारत के सैटेलाइट कम्युनिकेशन सेवाओं के नियामकीय सिस्टम की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। मंत्रालय के अनुसार, भारत सरकार ने सभी टेलीकम्युनिकेशन सेवाओं के लिए एक समान और गैर-भेदभावपूर्ण अधिकृतता ढांचा लागू किया है। देश में अब तक तीन सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनियों को सेवा शुरू करने के लिए लाइसेंस दिया गया है, जिनमें मस्क की स्टारलिंक, जियो सैटकॉम और यूटेलसैट वनवेब शामिल हैं। हालांकि, इन सभी कंपनियों को अपनी सेवा शुरू करने से पहले स्पेक्ट्रम और सुरक्षा संबंधी मंजूरी हासिल करनी होगी। मंत्रालय ने साफ किया कि लाइसेंस की शर्तों के तहत हर सैटकॉम लाइसेंस धारक को सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की पुष्टि करनी होगी। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि भारत के लिए उपलब्ध कराई जा रही सेवाएं तय सुरक्षा मानकों को पूरा करें, जिससे सभी उपभोक्ताओं और उनके डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सरकार ने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत तीनों लाइसेंस धारकों की सुरक्षा मानकों की जांच अभी जारी है। गौरतलब है कि मस्क ने अपनी कंपनी की सेवा रुकने पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी और अप्रत्यक्ष रूप से कुछ कारोबारी समूहों पर एकाधिकार बनाए रखने का आरोप लगाया था। सरकार के इस स्पष्ट बयान से यह संकेत मिलता है कि भारत में सभी सैटेलाइट और टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं को समान नियमों के दायरे में रहकर ही काम करना होगा और किसी भी कंपनी को विशेष छूट नहीं दी जाएगी।

🔔 कारोबार
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!