सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र के धारटीधार इलाके की धगेड़ा पंचायत के गुलरवाला गांव में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने जिला प्रशासन और सरकार के दावों की पोल खोल दी है। गांव की 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला परमा देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं। शनिवार रात तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें नाहन से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन उनके शव को चंडीगढ़ से वाहन में लेकर रामा धगेड़ा मुख्य सड़क तक पहुंचे, लेकिन उनके गांव तक जाने वाली सड़क बरसात के बाद से पिछले करीब ढाई-तीन महीने से बंद पड़ी होने के कारण वाहन को आगे ले जाना नामुमकिन था। अपनों को अंतिम सफर तक पहुंचाने की तड़प में ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और मजबूरी ऐसी बनी कि शव को डंडे से बांधना पड़ा। मृतका के बेटे रामेंद्र के साथ बीडीसी सदस्य एवं पूर्व पंचायत प्रधान वीरेंद्र सिंह ठाकुर, रोहित, अनिल, सुरेंद्र और पिंकू ने उबड़-खाबड़ रास्ते पर शव को कंधों के सहारे करीब छह किलोमीटर तक पैदल ढोकर गांव पहुंचाया। गांव पहुंचने के बाद शव को श्मशानघाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों के अनुसार करीब आठ किलोमीटर लंबी टीना गुलरवाला सड़क वर्ष 2014 में बनी थी, जिसका उद्घाटन तत्कालीन विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने किया था। यह सड़क रामा-धगेड़ा मुख्य मार्ग से पीना गुलरवाला सहित बेंदली, रोज काटली और आसपास के कई गांवों को जोड़ती है और आगे यह मार्ग जलमूसा और कोलर के समीप कटासन मंदिर के पास पांवटा साहिब कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ता है। बीडीसी सदस्य वीरेंद्र सिंह ठाकुर सहित ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बंद होने का खमियाजा सिर्फ मौत के बाद ही नहीं, बल्कि जीती-जागती जिंदगी में भी भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि बीमारों को समय पर अस्पताल पहुंचाना जंग जीतने जैसा है और किसानों की फसलें मंडियों तक न पहुंच पाने से बर्बाद हो रही हैं। उधर, पंचायत प्रधान नरेंद्र ने माना कि सड़क बंद है और इस बारे विभाग को पहले ही अवगत करवा दिया गया है, तथा सड़क को जल्द बहाल किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर सिरमौर में बंद सड़कों के कारण आम ग्रामीणों की दुश्वारियों और प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करती है।
सड़क बंद होने पर बेटे ने मां के शव को डंडे से बांधकर 6 किलोमीटर पैदल ढोया, सिरमौर में प्रशासन की पोल खुली
सिरमौर जिले के नाहन विधानसभा क्षेत्र के धारटीधार इलाके की धगेड़ा पंचायत के गुलरवाला गांव में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने जिला प्रशासन और सरकार के दावों की पोल खोल दी है। गांव की 80 वर्षी
NRI Post Hindi Desk · 50 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 पंजाब
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।




