|
संस्करण:
NRI POST
A DIV OF THE TV NRI
हक़ सच की आवाज़ · nripost.com
दुनिया

सत्य निकेतन हादसे का बड़ा खुलासा: दुकान बड़ी करने के चक्कर में तोड़ी गई दीवार, फिर गिरी पूरी इमारत

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए भीषण भवन हादसे की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हादसा कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि लापरवाही और निर्माण कार्य म

NRI Post Hindi Desk · 76 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
💬f𝕏
टेक्स्ट
सत्य निकेतन हादसे का बड़ा खुलासा: दुकान बड़ी करने के चक्कर में तोड़ी गई दीवार, फिर गिरी पूरी इमारत
📷 NRI Post Hindi Desk

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए भीषण भवन हादसे की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह हादसा कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि लापरवाही और निर्माण कार्य में जानबूझकर की गई गड़बड़ी का नतीजा था। मामले की जांच में शामिल अधिकारियों के अनुसार, हादसे से लगभग दस दिन पहले ही इमारत में नवीनीकरण का काम शुरू कर दिया गया था, जिसकी जानकारी बिल्डिंग मालिक के बेटे महेश गुप्ता को थी। पुलिस का कहना है कि बेसमेंट को ग्राउंड फ्लोर के स्तर तक ऊंचा करने के लिए उसमें करीब तीन ट्रक मलबा डाला गया था, जिससे इमारत की नींव पर अतिरिक्त दबाव बना। हालांकि, असली वजह उस दिन सामने आई जब दुकान का आकार बढ़ाने के लिए ग्राउंड फ्लोर की एक अहम दीवार को तोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दीवार को तोड़े जाने के बाद पूरी इमारत का भार संतुलन बिगड़ गया और वह पलक झपकते ही भरभराकर जमींदोज हो गई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज कुमार और पीजी ऑपरेटर सुधांशु लवनीश को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस बिल्डिंग मालिक के बेटे महेश गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। तीनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय ठेकेदार सनोज कुमार को उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया गया है। वह मूल रूप से बिहार के बांका जिले का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली के मोती बाग इलाके में रहता है। पूछताछ में उसने बताया कि महेश गुप्ता ने उसे यह काम दिया था और बदले में उसे प्रतिदिन 2800 रुपये दिए जा रहे थे। ठेकेदार ने यह भी खुलासा किया कि दुकान की जगह बढ़ाने में दीवार बाधा बन रही थी, जिसे हादसे वाले दिन हटा दिया गया। वहीं, पुलिस ने पीजी ऑपरेटर सुधांशु लवनीश से भी पूछताछ की है। सुधांशु ने बताया कि उसने 2019 में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया था और 2022 से वह अपने दोस्त शुभम त्यागी के साथ मिलकर 'हॉस्टल डेज' नाम से पीजी चला रहा था। फिलहाल उसके पास आसपास सात पीजी हैं। पुलिस के अनुसार, सुधांशु और शुभम ने अगस्त 2025 में हादसे वाली बिल्डिंग की चार मंजिलें 1.05 लाख रुपये मासिक किराए पर ली थीं। सुधांशु ने यह स्वीकार किया कि इमारत जर्जर अवस्था में होने के कारण उन्हें यह कम किराए पर मिली थी। पुलिस का आरोप है कि सुधांशु को इमारत में चल रहे निर्माण कार्य की पूरी जानकारी थी और वह जानता था कि इससे इमारत को नुकसान हो सकता है, फिर भी उसने कोई कार्रवाई नहीं की। गौरतलब है कि मामले में एक और आरोपी शुभम त्यागी की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जिसे मकान मालिक ने एक मंजिल पट्टे पर दी थी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवीनीकरण का यह खतरनाक फैसला आखिर किसके इशारे पर लिया गया।

🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।

और पढ़ें

💬 टिप्पणियां(0)
ਟਿੱਪਣੀ ਕਰਨ ਲਈ ਲਾਗਇਨ ਕਰੋ · Sign in to comment
ਅਜੇ ਕੋਈ ਟਿੱਪਣੀ ਨਹੀਂ — ਪਹਿਲੇ ਬਣੋ! · No comments yet — be the first!