दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे में पुलिस ने अब बिल्डिंग मालिक के पूरे परिवार को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के मुख्य आरोपी 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता के बाद अब उनकी पत्नी 75 वर्षीय उर्मिला गुप्ता और उनके बेटे 52 वर्षीय महेश गुप्ता को भी हिरासत में ले लिया गया है। जांच के दौरान पता चला है कि यह प्रॉपर्टी उर्मिला गुप्ता के नाम पर पंजीकृत है, जबकि इसका संचालन और प्रबंधन हरिराम गुप्ता और उनके बेटे महेश मिलकर कर रहे थे। तीनों आरोपियों को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया, जहां से उन्हें आरके पुरम थाने में पेश किया गया। अदालत ने हरिराम गुप्ता और उनकी पत्नी उर्मिला को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि बेटे महेश को 2 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है ताकि उससे घटना के संबंध में और पूछताछ की जा सके। जानकारी के अनुसार, हरिराम गुप्ता भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त सार्जेंट हैं और उनके नाम पर इमारत की दो मंजिलों के बिजली कनेक्शन हैं। वहीं महेश गुप्ता हार्डवेयर और पेंट की दुकान चलाते हैं और दो बच्चों के पिता हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि इमारत के बेसमेंट में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिरी। मौके से मिले मजदूरों के बयान से भी इस बात की पुष्टि हुई है। पुलिस अब इस मामले में पीजी ऑपरेटरों और लेबर कॉन्ट्रैक्टर की भूमिका की भी जांच कर रही है। अभी तक इस हादसे में कुल 12 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 5 छात्र शामिल हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई छात्र शामिल हैं। मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घायलों में 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है, जो कल दोपहर साढ़े बारह बजे शुरू हुआ था और आज शाम पांच बजे समाप्त हुआ। इस दौरान करीब 27 घंटे तक राहत और बचाव कार्य चला। इस मामले में पालम विहार स्थित इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, क्योंकि घटना के बाद वह फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। वहीं, इस हादसे के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने बताया कि उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया है कि कोचिंग इंस्टिट्यूट और पीजी वाले इलाकों की बिल्डिंगों की सभी विभाग मिलकर जांच करेंगे। इसके अलावा छात्रों के लिए रेजिडेंशियल फैसिलिटी बढ़ाने के लिए एफएआर में अतिरिक्त छूट देने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में भी सुनवाई हुई और कोर्ट ने दिल्ली सरकार, एमसीडी, दिल्ली पुलिस और एनएचआरसी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। एमसीडी के पांच अधिकारियों को भी लापरवाही के चलते सस्पेंड कर दिया गया है।
सत्य निकेतन हादसे में मालिक के बाद पत्नी और बेटा भी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे में पुलिस ने अब बिल्डिंग मालिक के पूरे परिवार को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे के मुख्य आरोपी 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता के बाद अब उनकी पत्नी 75 वर
NRI Post Hindi Desk · 78 दिन पहले · अपडेट 1 मिनट पहले · 2 मिनट पढ़ने का समय
🔔 दुनिया
इस विषय पर नई ख़बर आने पर सूचना पाएं।





